Korba Triple Murder: स्क्रैप कारोबारी समेत 3 की फार्महाउस में मिली लाश, करोड़पति बनने के चक्कर में तांत्रिक पूजा बनी मौत का कारण
Korba Triple Murder: स्क्रैप कारोबारी समेत 3 की फार्महाउस में मिली लाश, करोड़पति बनने के चक्कर में तांत्रिक पूजा बनी मौत का कारण
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में तिहरे हत्याकांड का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। स्क्रैप व्यवसाय से जुड़े अशरफ मेमन समेत तीन व्यक्तियों के शव उनके फार्महाउस में संदिग्ध परिस्थितियों में मिले हैं। बताया जा रहा है कि तीनों बीती रात बरबसपुर स्थित यार्ड में एक बैगा के साथ तांत्रिक क्रिया करा रहे थे, इसी दौरान उनकी मौत हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतकों में स्क्रैप कारोबारी अशरफ मेमन, कोरबा का एक स्थानीय युवक और बिलासपुर का एक युवक शामिल है। तांत्रिक क्रिया करने वाले बिलासपुर निवासी बैगा राजेन्द्र कुमार ने दावा किया था कि यदि वह 5 लाख रुपये प्राप्त कर ले, तो तांत्रिक ताकतों से तीनों को 2.5 करोड़ रुपये दिला सकता है। इसी लालच में तीनों ने रात में तंत्र-पूजा करवाई।
घटना के दौरान बैगा ने तांत्रिक प्रक्रिया के बहाने एक-एक कर तीनों को कमरे के अंदर बुलाया। उनके साथी अश्विनी कुर्रे ने बताया कि बैगा कमरे में तंत्र-मंत्र कर रहा था और प्रत्येक व्यक्ति को अंदर जाने पर नींबू देते हुए दरवाजा बंद कर देता था। 15 से 30 मिनट तक दरवाजा बंद रखने के बाद जब कमरे को खोला गया, तो तीनों मृत पाए गए। इससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस को आशंका है कि तीनों की मौत जहर खुरानी या किसी अन्य खतरनाक पदार्थ के सेवन से हुई होगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए बैगा राजेन्द्र कुमार और उसके दो साथियों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पुलिस पूछताछ कर रही है।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। तिहरे हत्याकांड ने कोरबा शहर में भय और दहशत का माहौल बना दिया है, वहीं अंधविश्वास और तांत्रिक प्रथाओं पर भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं।