राज्यपाल डेका: शहीद जवानों का बलिदान हमें कर्तव्य, अनुशासन और समर्पण की निरंतर प्रेरणा देता रहेगा
पुलिस स्मृति दिवस पर राज्यपाल और CM ने शहीदों को अर्पित की भावभीनी श्रद्धांजलि, परिजनों से की मुलाकात

रायपुर। चौथी वाहिनी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, माना रायपुर में आज पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर आयोजित परेड कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। दोनों नेताओं ने प्रदेशवासियों की ओर से शहीद पुलिस जवानों को नमन किया और शहीद स्मारक में पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के दौरान शहीद पुलिस अधिकारियों और जवानों के परिजनों से मुलाकात कर उनकी संवेदना व्यक्त की गई और उन्हें शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।
राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि पुलिस के अदम्य साहस, पराक्रम और त्याग को देश सदैव नमन करता रहेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस जवान चौबीसों घंटे तत्पर रहकर जिस निष्ठा और अनुशासन के साथ सेवा दे रहे हैं, उसी के कारण नागरिकों के लिए शांति, सुरक्षा और विश्वास का वातावरण संभव हो पा रहा है। उन्होंने पुलिस के चुनौतीपूर्ण दायित्व और आम जनता के सहयोग की आवश्यकता पर भी जोर दिया। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों का उल्लेख करते हुए डेका ने कहा कि छत्तीसगढ़ पुलिस ने दृढ़ संकल्प और साहस के साथ नक्सलवाद की चुनौती का मुकाबला किया, जिससे इन क्षेत्रों में शांति और विश्वास स्थापित हुआ है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि 21 अक्टूबर वह दिन है जब हम देश की सुरक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिस जवानों का पुण्य स्मरण करते हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस और सुरक्षा बल कठिन परिस्थितियों में चौबीसों घंटे समाज की सुरक्षा में तत्पर रहते हैं और उनके अनुशासन व निष्ठा से ही राज्य में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित होती है। मुख्यमंत्री ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों और योजनाओं जैसे नियद नेल्ला नार, पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार मार्च 2026 तक नक्सलवाद के पूर्ण उन्मूलन के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि जवान अदम्य साहस और वीरता के साथ बस्तर में नक्सलवाद को जड़ से समाप्त करने के प्रयास में लगे हैं और साथ ही विकास कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने शहीद वीर जवानों की स्मृति को संजोने और उनके परिवारों की सहायता के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।
समारोह में सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी और उनके बलिदान को याद किया।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






