CG News: 10 लोगों से ट्रेडिंग के नाम पर 3.04 करोड़ ठगे, आरोपी ने ज्यादा मुनाफे का झांसा दिया, 2 करोड़ रुपए अब भी नहीं लौटा
CG News: 10 लोगों से ट्रेडिंग के नाम पर 3.04 करोड़ ठगे, आरोपी ने ज्यादा मुनाफे का झांसा दिया, 2 करोड़ रुपए अब भी नहीं लौटा
दुर्ग-भिलाई. दुर्ग में शेयर बाजार में निवेश कर बड़ा मुनाफा कमाने का झांसा देकर एक परिवार से 3 करोड़ 4 लाख 50 हजार रुपए ठगने का मामला सामने आया है। आरोपी ने परिवार के 10 सदस्यों से अलग-अलग बैंक खातों के जरिए यह रकम अपने खाते में ट्रांसफर कराई।
कुछ समय बाद उसने 1 करोड़ 3 लाख 60 हजार रुपए वापस कर दिए, लेकिन 2 करोड़ 90 हजार रुपए अब भी वापस नहीं किए। शिकायत मिलने के कुछ ही घंटे में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। यह मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
दरअसल, मामला प्रेम सागर चौक, वार्ड नंबर 6, बैगापारा निवासी कृष्ण कुमार चंद्राकर (56) की शिकायत पर सामने आया। पुलिस के मुताबिक, अमलेश्वर निवासी प्रकाश सिन्हा ने खुद की शेयर ट्रेडिंग कंपनी होने की बात कहकर चंद्राकर और उनके परिवार के सदस्यों को निवेश के लिए तैयार किया था।
आरोपी ने भरोसा दिलाया कि उसके जरिए शेयर ट्रेडिंग में पैसा लगाने पर सामान्य निवेश की तुलना में ज्यादा मुनाफा मिलेगा।
4 साल पहले शुरू हुआ था लेन-देन
पुलिस के मुताबिक परिवार के सदस्यों ने 24 नवंबर 2021 से 13 जनवरी 2022 के बीच अलग-अलग बैंक खातों से आरोपी के खाते में कुल 3 करोड़ 4 लाख 50 हजार रुपए ट्रांसफर किए थे। यह पूरा लेन-देन करीब चार साल पुराना है। बड़ी रकम वापस नहीं मिलने पर अब मामले की शिकायत पुलिस से की गई।
10 लोगों से ली रकम, कुछ पैसा लौटाकर जीता भरोसा
आरोपी ने सिर्फ एक व्यक्ति से नहीं, बल्कि एक ही परिवार के 10 सदस्यों से निवेश के नाम पर रकम ली। अलग-अलग बैंक खातों से पैसे अपने खाते में ट्रांसफर कराए गए। इसके बाद आरोपी ने कुछ रकम वापस भी कर दी।
इससे परिवार के लोगों का उस पर भरोसा बना रहा और बाकी रकम वापस नहीं मिलने का मामला लंबे समय तक सामने नहीं आया। अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने रकम का इस्तेमाल कहां किया और क्या उसने वास्तव में शेयर बाजार में निवेश किया था।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने शुरू की तलाश
29 अगस्त को कृष्ण कुमार चंद्राकर ने सिटी कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दी। रकम 2 करोड़ रुपए से अधिक होने के कारण पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराध दर्ज किया।
इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने अपनी भूमिका स्वीकार कर ली। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।