धमतरी वायरल वीडियो पर युवक की सफाई, कहा- नहीं मांगी गई थी रिश्वत, अपनी सुरक्षा के लिए बनाया था वीडियो

छत्तीसगढ़ June 9, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
धमतरी वायरल वीडियो पर युवक की सफाई, कहा- नहीं मांगी गई थी रिश्वत, अपनी सुरक्षा के लिए बनाया था वीडियो

धमतरी वायरल वीडियो पर युवक की सफाई, कहा- नहीं मांगी गई थी रिश्वत, अपनी सुरक्षा के लिए बनाया था वीडियो

धमतरी. सोशल मीडिया पर इन दिनों छत्तीसगढ़ के धमतरी से सामने आए युवक और पुलिस के बीच विवाद का वीडियो खूब चर्चा में हैं. पुलिस की कार्यशैली को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं. इसी बीच युवक का एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें उसने वायरल वीडियो को लेकर अपना पक्ष रखा है. युवक ने कहा कि उसका उद्देश्य पुलिस की छवि को धूमिल करना नहीं था. उस रात जो हुआ वह एक अप्रत्याशित घटना थी. वह सिर्फ अपनी और परिवार की सुरक्षा के लिए वीडियो बना रहा था.

युवक ने वीडियो जारी कर कहा कि घटना वाली रात वह अपने परिवार के साथ फिल्म देखकर लौट रहा था. इस दौरान रास्ते में दो पुलिसकर्मीयों ने पूछताछ के लिए रोका, इस दौरान स्थिति बिगड़ती चली गई. टीआई से भी बहस हुई. मुझे पुलिस के साथ पूछताछ में सहयोग करना चाहिए था. आगे कहा कि घटना से जुड़े वीडियो को एडिट कर के सोशल मीडिया पर अलग-अलग संदर्भों में प्रस्तुत किया गया, जिससे न केवल उसे व्यक्तिगत रूप से परेशानियों का सामना करना पड़ा, बल्कि पुलिस विभाग की छवि को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई.

वीडियो में युवक ने लोगों से इस मामले को और अधिक तूल नहीं देने की अपील की है. उसने स्वीकार किया कि घटना के बाद उसे पुलिस जांच में पूरा सहयोग करना चाहिए था. युवक ने बताया कि उसने अब सभी वैध दस्तावेज पुलिस को उपलब्ध करा दिए हैं और वह जांच में पूर्ण सहयोग कर रहा है. साथ ही उसने सभी से शांति बनाए रखने और मामले को यहीं समाप्त करने की अपील की है.

सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए बनाया था वीडियो ?
इस पूरे घटनाक्रम में विवाद गहराने के बाद युवक का वीडियो जारी कर सफाई पेश करना कई सवाल खड़े कर रहा है. दरअसल, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टग्राम और यूट्यूब पर युवक व्लॉगिंग वीडियोज अपलोड करता है. ऐसे में सवाल है कि क्या विवादित वीडियो युवक ने महज फॉलोअर्स और लाइक्स की मंशा से रिकॉर्ड किया था. क्या वीडियो के चुनिंदा हिस्सों को एडिट कर सोशल मीडिया पर इस तरह प्रस्तुत किया गया, जिससे पुलिस की छवि पर प्रतिकूल असर पड़े और मामला अनावश्यक रूप से तूल पकड़ ले? यह वीडियो आग की तरह सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. पुलिसकर्मियों पर आपत्तिजनक टिप्पणियों का सिलसिला जारी रहा. घटना के बाद 4 दिनों तक युवक ने मामले में चुप रहना ठीक समझा. उसने किसी प्रकार की शिकायत दर्ज नहीं कराई. अब जब मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले के पुलिस अधीक्षक ने जांच समिति गठित कर दी है, तब युवक का सफाई वाला वीडियो सामने आया है. हालांकि युवक ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट से वह वीडियो भी डिलीट कर दिया है.

जानिए पूरा मामला
दरअसल, मामला अर्जुनी थाना क्षेत्र के मुजगहन के पास 5 जून की रात करीब एक बजे का बताया जा रहा है. वायरल वीडियो में अर्जुनी थाना प्रभारी और उनके स्टाफ की एक युवक से तीखी बहस होती दिखाई दे रही है. वीडियो में युवक ने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस ने ऐसे किसी भी आरोप से इनकार किया है. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली को लेकर कई सवाल उठाए जा रहे हैं. बड़ी बात यह है कि मामले में सोशल मीडिया में वीडियो वायरल करने वाले युवक ने घटनाक्रम को लेकर अब तक कोई शिकायत पुलिस में दर्ज नहीं कराई है.

जांच के लिए SP ने गठित की 3 DSP की कमेटी
धमतरी एसपी सूरज सिंह परिहार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सोमवार को तीन डीएसपी की कमेटी बनाई है. कमेटी का नेतृत्व डीएसपी मोनिका मरावी करेंगी, जिनके साथ डीएसपी भानु प्रताप चंद्राकर और डीएसपी यशकरण ध्रुव पूरे घटना की जांच करेंगे. टीम जांच के दौरान सभी पक्षों के बयान लेने के साथ तथ्यों के आधार पर रिपोर्ट तैयार करेगी.

खबर शेयर करें: