जयंती के कार्यक्रमों में दिखा अभूतपूर्व उत्साह, अब शोभायात्रा में उमड़ेगा अग्र समाज; अनूप बंसल ने की विशेष अपील

रायगढ़ October 10, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
जयंती के कार्यक्रमों में दिखा अभूतपूर्व उत्साह, अब शोभायात्रा में उमड़ेगा अग्र समाज; अनूप बंसल ने की विशेष अपील

जयंती के कार्यक्रमों में दिखा अभूतपूर्व उत्साह, अब शोभायात्रा में उमड़ेगा अग्र समाज; अनूप बंसल ने की विशेष अपील

 

प्रतिष्ठान बंद रखकर परिवार सहित शामिल हों अग्रबंधु, शोभायात्रा को ‘अग्र कुंभ’ का स्वरूप देने का आह्वान

रायगढ़। महाराजा अग्रसेन जी की 5150वीं जयंती के अवसर पर रायगढ़ में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में अग्रबंधुओं ने जिस उत्साह, उमंग और एकजुटता के साथ सहभागिता निभाई है, वह समाज की मजबूत एकता का परिचायक है। जयंती के अवसर पर पिछले कई दिनों से आयोजित हो रहे सांस्कृतिक, सामाजिक एवं रचनात्मक कार्यक्रमों में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठजनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है। अब इसी उत्साह और ऊर्जा के साथ शनिवार, 10 अक्टूबर को निकलने वाली भव्य शोभायात्रा को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी है।

अग्र समाज के सदस्य अनूप बंसल ने समस्त अग्रबंधुओं से अपील करते हुए कहा कि जयंती के कार्यक्रमों में जिस तरह समाज के प्रत्येक वर्ग ने अपनी भागीदारी निभाई है, उसी तरह शोभायात्रा में भी बच्चे, युवा, महिलाएं, पुरुष और वरिष्ठजन अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों। समाज के प्रत्येक घर का हर सदस्य इस गौरवशाली आयोजन का हिस्सा बने, ताकि रायगढ़ में सामाजिक एकता और सामूहिक शक्ति का अनुपम दृश्य देखने को मिले।

प्रतिष्ठान बंद रखकर परिवार सहित हों शामिल

अनूप बंसल ने आग्रह किया कि सभी अग्रबंधु शनिवार को शाम के समय अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर पूरे परिवार के साथ शोभायात्रा में शामिल हों। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी की जयंती केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि उनके आदर्शों, सामाजिक समरसता और एकजुटता के संकल्प को दोहराने का अवसर है। जब बच्चे, युवा, महिलाएं और पुरुष एक साथ कदम से कदम मिलाकर चलेंगे, तभी समाज की वास्तविक एकता प्रदर्शित होगी।

शोभायात्रा को ‘अग्र कुंभ’ बनाने का संकल्प

उन्होंने बताया कि शनिवार शाम 4 बजे गांधीगंज से महाराजा अग्रसेन जी की भव्य शोभायात्रा प्रारंभ होगी, जिसमें महाराजा अग्रसेन जी रथ पर विराजमान होकर नगर भ्रमण करेंगे। रायगढ़ में जयंती का उत्सव अपनी भव्यता और सामाजिक सहभागिता के लिए विशेष पहचान रखता है। जयंती के मुख्य दिवस से लगभग दस दिन पूर्व ही विभिन्न आयोजन प्रारंभ हो जाते हैं और समाज के लोगों में विशेष उत्साह बना रहता है।

अनूप बंसल ने कहा कि इस बार शोभायात्रा में ऐसी जनभागीदारी हो कि पूरा रायगढ़ अग्र समाज की एकता और गौरव का साक्षी बने। शोभायात्रा का स्वरूप ‘अग्र कुंभ’ जैसा दिखाई दे, जिसमें हर परिवार की उपस्थिति और हर अग्रबंधु का उत्साह नजर आए। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि वे अपने परिवार सहित शोभायात्रा में पहुंचकर इसे ऐतिहासिक और यादगार बनाएं।

खबर शेयर करें: