नशे के कारोबार के खिलाफ महिलाओं का हल्ला बोल : शराब-गांजा और जुआ-सट्टा बंद कराने सड़क पर उतरीं ग्रामीण महिलाएं

रायगढ़ November 1, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
नशे के कारोबार के खिलाफ महिलाओं का हल्ला बोल : शराब-गांजा और जुआ-सट्टा बंद कराने सड़क पर उतरीं ग्रामीण महिलाएं

नशे के कारोबार के खिलाफ महिलाओं का हल्ला बोल : शराब-गांजा और जुआ-सट्टा बंद कराने सड़क पर उतरीं ग्रामीण महिलाएं

 

बिलाईगढ़। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बिलाईगढ़ क्षेत्र के ग्राम खुरसुला में कथित अवैध शराब और गांजा बिक्री के साथ जुआ-सट्टा की गतिविधियों के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया है। गांव की महिलाओं ने बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ एकजुट होकर जागरूकता रैली निकाली और नशे के कारोबार पर रोक लगाने की मांग की। महिलाओं ने साफ कहा कि गांव में नशे और असामाजिक गतिविधियों को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

 

नशे से बिगड़ रहा गांव का माहौल, युवाओं पर पड़ रहा असर
ग्रामीण महिलाओं का आरोप है कि गांव में लंबे समय से अवैध शराब और गांजे की बिक्री हो रही है। इसके साथ ही जुआ-सट्टा जैसी गतिविधियां भी बढ़ रही हैं। महिलाओं के मुताबिक, इनका सबसे ज्यादा असर गांव के युवाओं पर पड़ रहा है। नशे की लत के कारण परिवारों में तनाव, विवाद और घरेलू हिंसा जैसी समस्याएं बढ़ने की बात भी उन्होंने कही। महिलाओं का कहना है कि नशे के कारण गांव में आए दिन गाली-गलौज, मारपीट और आपसी विवाद की स्थिति बनती है। इससे गांव का सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है और परिवारों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

पहले भी की गई शिकायत, अब महिलाओं ने खुद संभाला मोर्चा
महिलाओं ने बताया कि इस समस्या को लेकर वे पहले भी शासन-प्रशासन और संबंधित अधिकारियों तक शिकायत पहुंचा चुकी हैं। इसके बावजूद उनके मुताबिक, अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक नहीं लग पाई। इसी से नाराज होकर महिलाओं ने ग्रामीणों के साथ सड़क पर उतरकर जागरूकता रैली निकाली। रैली के जरिए लोगों को शराब, गांजा, जुआ और सट्टा से दूर रहने का संदेश दिया गया। साथ ही अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और गांव में नशे की गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई।

थाना प्रभारी बोले- शिकायत मिलने पर हो रही कार्रवाई
मामले में बिलाईगढ़ थाना प्रभारी प्रकाश राठौर ने बताया कि थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि खुरसुला में कार्रवाई हुई है या नहीं, इसकी जानकारी लेकर देखना पड़ेगा। उन्होंने यह भी बताया कि वे हाल ही में थाना प्रभारी के रूप में पदस्थ हुए हैं और जहां से भी शिकायत मिल रही है, वहां कार्रवाई की जा रही है।

खबर शेयर करें: