शराब पीने से रोकने पर कुशभाठा में बवाल, दो पक्षों में हुई जमकर मारपीट, पुलिस ने दर्ज कीं दो FIR
शराब पीने से रोकने पर कुशभाठा में बवाल, दो पक्षों में हुई जमकर मारपीट, पुलिस ने दर्ज कीं दो FIR
सारंगढ़-बिलाईगढ़। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सलिहा थाना क्षेत्र के ग्राम कुशभाठा में शराब पीने से रोकने की बात पर शुरू हुआ विवाद दो पक्षों के बीच मारपीट में बदल गया। घटना के बाद दोनों ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। सलिहा पुलिस ने अलग-अलग दो FIR दर्ज करते हुए कुल 16 लोगों को आरोपी बनाया है। इस बीच मारपीट का वीडियो भी सामने आया है, जो गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है।
शराब पीने से मना करने पर शुरू हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, गांव के सरपंच चंद्रशेखर नायक ने पवन खड़िया, सज्जन खड़िया सहित कुछ लोगों को गांव में शराबबंदी का हवाला देते हुए शराब नहीं पीने और गाली-गलौज से बचने की बात कही थी। आरोप है कि इस दौरान शराब पी रहे लोगों ने सरपंच के साथ गाली-गलौज की। इसके बाद सरपंच पक्ष के लोगों और दूसरे पक्ष के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हुई। बताया जा रहा है कि पहले हुए विवाद के बाद कुछ लोगों को पुलिस के हवाले किया गया था। पुलिस ने शराब पीने से जुड़े मामले में कार्रवाई की और जमानती प्रावधान होने के कारण संबंधित लोगों को रिहा कर दिया। हालांकि, अगले दिन विवाद ने फिर तूल पकड़ लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई।
दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग FIR
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, FIR क्रमांक 0080 में भूपेन्द्र नायक, चंद्रशेखर नायक, मुकेश, झसकेतन, नरेश नायक, पिंटू नायक, हेमंत नायक और गिरधर नायक के नाम दर्ज हैं। वहीं, FIR क्रमांक 0081 में पवन खड़िया, सज्जन खड़िया, उपसेन खड़िया, बसंत खड़िया, दोरी खड़िया, किशन बरिहा, दीपक यादव और सुखदेव यादव को आरोपी बनाया गया है। इस तरह दोनों मामलों में कुल 16 लोगों के नाम आरोपियों के रूप में दर्ज किए गए हैं।
मारपीट का वीडियो आया सामने, करीब 9 लोगों को चोट
घटना के बाद मारपीट का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में सरपंच पक्ष के कुछ लोग दूसरे पक्ष के लोगों के साथ मारपीट करते दिखाई देने की बात कही जा रही है। बताया जा रहा है कि पूरी घटना में दोनों पक्षों के करीब 9 लोगों को चोटें आई हैं। हालांकि, विवाद की शुरुआत और मारपीट में प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका जांच का विषय है।
मेडिकल रिपोर्ट और वीडियो के आधार पर जांच
सलिहा पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर अलग-अलग अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। एक मामले की विवेचना उप निरीक्षक पुरेन्द्र कुमार को सौंपी गई है। पुलिस घटना से जुड़े वीडियो, घायलों के मेडिकल परीक्षण और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।