CG News: मशरूम लेने गए ग्रामीणों को मिला संदिग्ध तार, निकला प्रेशर IED, बीजापुर में BDS टीम ने मौके पर किया निष्क्रिय
CG News: मशरूम लेने गए ग्रामीणों को मिला संदिग्ध तार, निकला प्रेशर IED, बीजापुर में BDS टीम ने मौके पर किया निष्क्रिय
बीजापुर: बीजापुर जिले के थाना मद्देड़ क्षेत्र में ग्रामीणों की सतर्कता और सुरक्षा बलों की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया. ग्राम बंदेपारा एवं पेगड़ापल्ली के ग्रामीण जंगल में पुटू (मशरूम) एकत्र करने गए थे. इसी दौरान उन्हें जमीन पर बिछा हुआ एक संदिग्ध वायर दिखाई दिया. ग्रामीणों ने किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं की और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी.
सूचना मिलते ही थाना मद्देड़ पुलिस, सीआरपीएफ 22वीं वाहिनी ‘ए’ कंपनी संगमपल्ली और बीडीएस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची. जांच के दौरान सुरक्षा बलों ने माओवादियों द्वारा सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से लगाया गया पुराना प्रेशर बियर बॉटल आईईडी बरामद किया. टीम ने तकनीकी सावधानी बरतते हुए आईईडी को सुरक्षित तरीके से निष्प्रभावी कर दिया. इस कार्रवाई में थाना मद्देड़ से एएसआई सुरेश जब्बा, सीआरपीएफ 22वीं वाहिनी ‘ए’ कंपनी संगमपल्ली से सहायक कमांडेंट मनोज कुमार सहित बीडीएस टीम शामिल रही.
बीजापुर पुलिस अधिकारी पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता ने ग्रामीणों से अपील की है कि जंगल, खेत, पगडंडी अथवा सड़क किनारे कोई संदिग्ध तार, गड्ढा, टिफिन, कंटेनर या लावारिस वस्तु दिखाई दे तो उसे छुएं नहीं और तत्काल पुलिस या नजदीकी सुरक्षा कैंप को सूचना दें. पुलिस ने कहा कि समय पर दी गई सूचना किसी बड़े हादसे को रोक सकती है.
नक्सलमुक्त होने के बाद बीजापुर में आईईडी रिकवर
29 जुलाई- बीजापुर में माओवादियों का लगाया प्रेशर IED फटा, दो अलग-अलग घटनाओं में 2 लोग जख्मी
29 जुलाई- कांकेर के जंगल में 4 टिफिन आईईडी मिले, डिफ्यूज किया गया
29 जुलाई- कांकेर में 5 किलो का प्रेशर कुकर आईईडी मिला
17 जुलाई- कांकेर के मर्रापी के जंगल में 3 किलो का प्रेशर कुकर आईईडी मिला
15 जुलाई- कांकरे के कोयलीबेड़ा में टिफिन आईईडी और पाइप बम मिला
8 जुलाई- अबूझमाड़ में 15 किलो का प्रेशर कुकर आईईडी, रॉकेट लॉन्चर और मोर्टार बरामद