बिलासपुर: पोल्ट्री फार्म के पास पूर्व सरपंच की हत्या, खून से लथपथ मिली लाश
बिलासपुर: पोल्ट्री फार्म के पास पूर्व सरपंच की हत्या, खून से लथपथ मिली लाश
बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत चोर भट्टी खुर्द में बीती रात एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई है। पंचायत के पूर्व सरपंच मनबोध यादव की अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी। उनका शव गांव से लगे पोल्ट्री फार्म के पास खून से लथपथ अवस्था में मिला, जिससे पूरे गांव में दहशत फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 8 बजे मनबोध यादव अपने स्कूटी से टहलने के लिए निकले थे, लेकिन रात भर घर नहीं लौटे। गुरुवार सुबह परिजनों को शंका हुई और उन्होंने तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान परिजन उस स्थान पर पहुंचे जहां अक्सर लोग शराब पीने के लिए जुटते हैं—यही पोल्ट्री फार्म के पास उनका शव खून से सना हुआ मिला। नजदीक जाकर देखने पर साफ हुआ कि हमलावरों ने सिर और शरीर पर धारदार हथियार से हमला कर पूर्व सरपंच की हत्या की है।
घटना की सूचना मिलते ही सकरी पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर सुरक्षा बढ़ा दी। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से आवश्यक सबूत जुटाए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने पुरानी रंजिश या व्यक्तिगत विवाद की संभावना जताई है, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट करने के लिए हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। अज्ञात आरोपी फरार हैं, जिन्हें तलाशने के लिए पुलिस ने खोजबीन तेज कर दी है।