Jashpur News: लोरो घाट में ट्रक रेलिंग से टकराया, घंटों के रेस्क्यू के बाद तीन लोगों की जान बची 

छत्तीसगढ़ July 16, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
Jashpur News: लोरो घाट में ट्रक रेलिंग से टकराया, घंटों के रेस्क्यू के बाद तीन लोगों की जान बची 

Jashpur News: लोरो घाट में ट्रक रेलिंग से टकराया, घंटों के रेस्क्यू के बाद तीन लोगों की जान बची 

जशपुर। जशपुर जिले के लोरो घाट में बुधवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में ट्रक के केबिन में फंसे तीन लोगों को जशपुर पुलिस ने करीब तीन घंटे तक चले साहसिक रेस्क्यू अभियान के बाद सुरक्षित बाहर निकाला। तीनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल जशपुर भेजा गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

हादसा शाम करीब 7 बजे हुआ। धनबाद (झारखंड) से कोयला लेकर रायपुर जा रहा टाटा ट्रक (JH-02-AM-6041) लोरो घाट से गुजर रहा था। घाट के एक तीखे मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क किनारे लगी सुरक्षा रेलिंग से जा टकराया।

तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकराया ट्रक

टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक, वाहन मालिक सहित तीन लोग केबिन में बुरी तरह फंस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस, फायर टीम और ग्रामीणों ने चलाया रेस्क्यू

सूचना मिलते ही थाना दुलदुला पुलिस, हाईवे पेट्रोलिंग, डायल-112, अग्निशमन दल और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस मितान के सदस्यों और स्थानीय ग्रामीणों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में सक्रिय सहयोग किया।

ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक जाने से रेस्क्यू अभियान काफी चुनौतीपूर्ण रहा। बचाव दल ने कटर मशीन से केबिन और स्टेरिंग वाले हिस्से को सावधानीपूर्वक काटा। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद तीनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया।

एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर की निगरानी

घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह स्वयं मौके पर पहुंचे और पूरे रेस्क्यू अभियान की निगरानी की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, हाईवे पेट्रोलिंग, डायल-112, अग्निशमन दल, पुलिस मितान और स्थानीय लोगों का उत्साहवर्धन किया।

रेस्क्यू टीम को मिलेगा सम्मान

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि संकट की घड़ी में पुलिस, रेस्क्यू टीम और आम नागरिकों ने साहस, संवेदनशीलता और बेहतरीन टीमवर्क का परिचय दिया। सभी के संयुक्त प्रयास से तीन लोगों की जान बचाई जा सकी।

उन्होंने घोषणा की कि इस अभियान में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, अग्निशमन दल और रेस्क्यू टीम के सदस्यों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। वहीं, घायलों की मदद करने वाले स्थानीय नागरिकों के नाम गुड सेमेरिटन (नेक नागरिक) योजना के तहत लाभ दिलाने के लिए प्रशासन को भेजे जाएंगे।

लोगों से की यह अपील

एसएसपी ने लोगों से अपील की कि सड़क दुर्घटना होने पर घटनास्थल छोड़ने के बजाय तुरंत नजदीकी थाना या डायल-112 को सूचना दें। अपनी सुरक्षा का ध्यान रखते हुए घायलों की यथासंभव मदद करें। उन्होंने कहा कि समय पर दी गई सूचना और आम नागरिकों का सहयोग किसी भी घायल के लिए जीवनदायी साबित हो सकता है। साथ ही अधिक से अधिक लोगों से गुड सेमेरिटन (नेक नागरिक) बनकर मानव जीवन बचाने में सहयोग करने की अपील की।

 

खबर शेयर करें: