Sarangarh News: 10.761 किलो गांजा के साथ ओडिशा के 3 तस्कर गिरफ्तार, कार सहित 8.26 लाख की संपत्ति जब्त, कार के बोनट में छिपाकर रखा था गांजा
Sarangarh News: 10.761 किलो गांजा के साथ ओडिशा के 3 तस्कर गिरफ्तार, कार सहित 8.26 लाख की संपत्ति जब्त, कार के बोनट में छिपाकर रखा था गांजा
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 12 सितंबर। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एएनटीएफ और थाना सरिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने 10.761 किलोग्राम गांजा के साथ ओडिशा के तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक टोयोटा कार और दो मोबाइल फोन समेत कुल ₹8,26,500 की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल एवं उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) संतोषी ग्रेस के मार्गदर्शन में 12 सितंबर को एएनटीएफ और थाना सरिया पुलिस की टीम ने थाना सरिया के सामने मेन रोड पर घेराबंदी की। इस दौरान ग्रे रंग की टोयोटा कार क्रमांक OD 05 N 6165 को रोककर उसमें सवार तीन व्यक्तियों को पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान श्याम बाबू चौधरी (28), विक्की सहनी (29) और जितेन्द्र चौधरी (32) के रूप में हुई है। तीनों थाना एवं जिला बरगढ़, ओडिशा के निवासी हैं।
कार के बोनट में छिपाकर रखा था गांजा
तलाशी के दौरान पुलिस को कार के बोनट के अंदर बांधकर रखे गए 10 पैकेट मिले। इनमें कुल 10.761 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। आरोपियों के कब्जे से गांजा के अलावा एक टोयोटा कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर छत्तीसगढ़ के सरिया मार्ग से होते हुए प्रयागराज, उत्तर प्रदेश जा रहे थे।
NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई, जेल भेजे गए आरोपी
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया। विधिवत गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस द्वारा लगातार की जा रही कार्रवाई से अंतरराज्यीय गांजा तस्करी में शामिल आरोपियों पर शिकंजा कसता नजर आ रहा है।