Raigarh News: सूने घर से 8 लाख की चोरी, ताला तोड़कर वारदात, कैश और जेवरात ले गए,   FIR दर्ज

रायगढ़ September 28, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
 Raigarh News: सूने घर से 8 लाख की चोरी, ताला तोड़कर वारदात, कैश और जेवरात ले गए,   FIR दर्ज

 Raigarh News: सूने घर से 8 लाख की चोरी, ताला तोड़कर वारदात, कैश और जेवरात ले गए,   FIR दर्ज

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने करीब 8 लाख रुपए के जेवरात और 60 हजार रुपए कैश चोरी कर लिए। परिवार दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने दूसरे गांव गया था। इसी दौरान चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना पुसौर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम कंवरिहा निवासी लक्ष्मी प्रसाद पटेल (58) खेती-किसानी और कपड़ा सिलाई का काम करता है। वह अपनी पत्नी उर्मिला पटेल के साथ गांव में रहता है। 13 सितंबर की सुबह उसे जानकारी मिली कि उसके दामाद कृष्ण कुमार के दादा का निधन हो गया है।

इसके बाद पूरा परिवार घर में ताला लगाकर ग्राम पुरूंगा में दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने चला गया। कार्यक्रम के दौरान लक्ष्मी प्रसाद की पत्नी उर्मिला पटेल की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्होंने धरमजयगढ़ में उसका इलाज कराया। दशगात्र कार्यक्रम खत्म होने के बाद गुरुवार शाम परिवार वापस अपने घर लौटा।

 

अलमारी में रखे कैश और जेवरात गायब

घर पहुंचने पर मेन गेट का ताला खोलकर अंदर गए तो अंदर के कमरे का दरवाजा टूटा मिला। दो अलग-अलग कमरों में रखी 5 अलमारियां खुली हुई थीं। सामान भी बिखरा पड़ा था। अलमारियों में रखे सोने का हार, रानी हार, कर्णफूल, ब्रेसलेट, अंगूठी, लॉकेट और 60 हजार रुपए कैश गायब थे। चोरी गए जेवरात और नकदी की कुल कीमत करीब 8 लाख रुपए बताई गई है। इसके बाद लक्ष्मी प्रसाद ने आसपास अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन चोरों का पता नहीं चल सका।

अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज

इसके बाद शनिवार को लक्ष्मी प्रसाद ने पुसौर थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 305(a) और 331(4) BNS के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

खबर शेयर करें: