CG News: नगर पालिका कार्यालय में घुसकर कर्मचारी से मारपीट, पत्थर से सिर पर किया वार, आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ September 28, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
CG News: नगर पालिका कार्यालय में घुसकर कर्मचारी से मारपीट, पत्थर से सिर पर किया वार, आरोपी गिरफ्तार

CG News: नगर पालिका कार्यालय में घुसकर कर्मचारी से मारपीट, पत्थर से सिर पर किया वार, आरोपी गिरफ्तार

 

अकलतरा। नगर पालिका परिषद अकलतरा के कार्यालय में घुसकर कर्मचारी के साथ मारपीट करने, शासकीय कार्य में बाधा डालने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में अकलतरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, घटना 15 सितंबर 2026 की दोपहर करीब 3 बजे की है। नगर पालिका कार्यालय में कर्मचारी अपने शासकीय कार्य में मौजूद था। इसी दौरान वार्ड क्रमांक 11 निवासी मनोज कुमार टण्डन (42 वर्ष) कथित रूप से शराब के नशे में कार्यालय पहुंचा और कर्मचारी के साथ गाली-गलौच व मारपीट करने लगा। आरोपी पर शासकीय दस्तावेज फाड़ने और शासकीय कार्य में बाधा डालने का भी आरोप है।

घटना के बाद आरोपी दोबारा नगर पालिका कार्यालय पहुंचा और कर्मचारी से इस बात को लेकर विवाद करने लगा कि उसके खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट क्यों दर्ज कराई गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कथित तौर पर गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी और सामने पड़े पत्थर से कर्मचारी के सिर पर वार कर दिया। हमले में कर्मचारी के सिर से खून निकलने लगा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

कर्मचारी की शिकायत पर थाना अकलतरा में आरोपी के खिलाफ धारा 121(1), 221, 132, 296, 351(3) और 115(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। इसी दौरान उसके अकलतरा क्षेत्र में घूमने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस के अनुसार आरोपी ने घटना करना स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी: मनोज कुमार टण्डन, उम्र 42 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 11, आजाद चौक, अकलतरा।

इस कार्रवाई में निरीक्षक जय कुमार साहू, उप निरीक्षक बी.एल. कोसरिया सहित थाना अकलतरा के पुलिसकर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

खबर शेयर करें: