रायपुर में रात के अंधेरे में 10 लाख की सनसनीखेज लूट! कमिश्नर सिस्टम के बीच सबसे बड़ी वारदात से मचा हड़कंप
गैस एजेंसी का मैनेजर लेकर जा रहा था कैश, अचानक हुई वारदात के बाद शहरभर में अलर्ट; पुलिस खंगाल रही CCTV फुटेज

रायपुर। राजधानी रायपुर में शनिवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब डंगनिया इलाके में 10 लाख रुपए की सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई। बताया जा रहा है कि गैस एजेंसी का मैनेजर नकदी लेकर जा रहा था, तभी अज्ञात बदमाशों ने उसे निशाना बनाते हुए लाखों रुपए लूट लिए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई।
जानकारी के अनुसार टाटीबंध स्थित एक गैस एजेंसी के मैनेजर श्रवण साहू शनिवार देर शाम करीब 10 लाख रुपए लेकर जा रहे थे। इसी दौरान डंगनिया क्षेत्र में अज्ञात आरोपियों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद पीड़ित ने स्वयं डीडी नगर थाना पुलिस को फोन कर मामले की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। वारदात की गंभीरता को देखते हुए शहर के सभी प्रमुख चेक पॉइंट्स पर सघन जांच अभियान शुरू कर दिया गया है। आने-जाने वाले वाहनों की तलाशी ली जा रही है और संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। शुरुआती जांच में पुलिस लूट की पूरी घटनाक्रम को जोड़ने में जुटी हुई है। हालांकि अभी तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला है।
गौरतलब है कि रायपुर में पुलिस कमिश्नर सिस्टम लागू होने के बाद पिछले चार महीनों में यह सबसे बड़ी लूट की घटना बताई जा रही है। ऐसे में इस वारदात ने शहर की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल डीडी नगर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द आरोपियों तक पहुंचने का दावा कर रही है।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






