जशपुर। जशपुर पुलिस ने दुष्कर्म के एक फरार आरोपी को गोवा से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। 17 वर्षीय नाबालिग से रेप करने के बाद आरोपी मिलराम तिर्की (52 वर्ष) लंबे समय से फरार था और गोवा में वेटर बनकर अपनी पहचान छुपाकर रह रहा था।
पीड़िता गर्भवती हुई तब खुला राज
थाना बागबहार क्षेत्र की नाबालिग पीड़िता के पिता ने 6 अक्टूबर 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि कुछ दिन पहले पीड़िता की चाची ने बताया कि गांव के ही मिलराम तिर्की ने जंगल में बकरी चराते समय नाबालिग के साथ जबरन दुष्कर्म किया था। पीड़िता ने लोकलाज के डर से यह बात किसी को नहीं बताई थी, लेकिन गर्भवती होने पर परिवार को घटना का पता चला।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 64(1) और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की।
गोवा में वेटर बनकर काम कर रहा था आरोपी
घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार था। जशपुर पुलिस उसकी तलाश में संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दे रही थी। इसी बीच सुराग मिला कि वह गोवा के थाना फातोड़ा क्षेत्र में छिपा हुआ है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर एक टीम तैयार कर गोवा भेजी गई। पुलिस टीम ने मझगांव बस स्टैंड के पास स्थित एक रेस्टोरेंट में वेटर के रूप में काम कर रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे जशपुर लाया गया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
जशपुर पुलिस इस कार्रवाई को ऑपरेशन अंकुश के तहत बड़ी उपलब्धि मान रही है, जिसके जरिए फरार अपराधियों की धरपकड़ की जा रही है।