रायगढ़

Raigarh News: सुशासन तिहार 2026;  विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का एक ही मंच पर मिल रहा लाभ

जन विश्वास को मजबूत करने का सशक्त माध्यम बना सुशासन तिहार
बड़े भंडार समाधान शिविर में 20 पंचायतों के ग्रामीणों ने उठाया योजनाओं का लाभ
2110 आवेदन प्राप्त, देर रात तक ऑनलाइन पोर्टल में दर्ज हुईं शिकायतें और मांगें
कई प्रकरणों का मौके पर निराकरण, पीएम आवास हितग्राहियों को मिली घर की प्रतीकात्मक चाबी
स्वच्छताग्रही दीदियों का सम्मान, स्वास्थ्य, पोषण और किसान हितैषी सेवाओं से लाभान्वित हुए ग्रामीण

रायगढ़, 27 मई 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की पहल पर आयोजित सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत विकासखंड पुसौर के ग्राम पंचायत बड़े भंडार में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। क्लस्टर आधारित इस शिविर में 20 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया। सायं 4 बजे से 7 बजे तक आयोजित शिविर में कुल 2110 आवेदन प्राप्त हुए। प्राप्त आवेदनों की ऑनलाइन पोर्टल में एंट्री देर रात 11 बजे तक जारी रही। शिविर में कई समस्याओं का मौके पर ही निराकरण कर हितग्राहियों को त्वरित राहत प्रदान की गई। शिविर में प्रशासनिक अमले की सक्रियता और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से ग्रामीणों में शासन के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर सेवाएं भी प्रदान की गईं। एग्रीस्टैक पंजीयन, ई-केवाईसी, आयुष्मान कार्ड, वय वंदन कार्ड, ई-श्रम कार्ड तथा स्वास्थ्य परीक्षण जैसी सुविधाओं का लाभ ग्रामीणों ने लिया। राशन कार्ड एवं पेंशन संबंधी प्रकरणों का भी निराकरण किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत बड़े भंडार एवं सूपा के पांच हितग्राहियों को आवास पूर्ण होने पर प्रतीकात्मक चाबी एवं घड़ी वितरित की गई। वहीं 15 हितग्राहियों को राशन कार्ड तथा 5 हितग्राहियों को श्रम कार्ड प्रदान किए गए।

ग्राम पंचायत कोतमरा एवं बरपाली की 6 स्वच्छताग्रही दीदियों को स्वच्छता कार्य में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रमाण पत्र एवं स्वच्छता किट देकर सम्मानित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया तथा गर्भवती महिलाओं को पोषण टोकरी वितरित की गई। समाज कल्याण विभाग द्वारा वरिष्ठजनों को सहायक उपकरण प्रदान किए गए। उद्यानिकी विभाग द्वारा किसानों को निःशुल्क पौधों का वितरण किया गया। शिविर में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने की अपील की।

शिविर का जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक आवेदक से आवेदन प्राप्त करने, सभी आवेदनों को ऑनलाइन पोर्टल में दर्ज करने तथा नियमानुसार गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्या निवारण शिविर का उद्देश्य आमजनों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना एवं पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से लाभान्वित करना है। जनप्रतिनिधियों ने अपने संबोधन में कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ मिल रहा है, जिससे लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो पा रहा है। शिविर में जनपद पंचायत अध्यक्ष हेमलता चौहान, एसडीएम श्री महेश शर्मा, स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।











IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button