कोरबा में तेज बहाव में बह गई स्कॉर्पियो: गाड़ी की छत पर अटकी तीन जिंदगियां; लोगों ने किया रेस्क्यू

छत्तीसगढ़ August 29, 2026 रिपोर्टर: raigarh top news
कोरबा में तेज बहाव में बह गई स्कॉर्पियो: गाड़ी की छत पर अटकी तीन जिंदगियां; लोगों ने किया रेस्क्यू

कोरबा में तेज बहाव में बह गई स्कॉर्पियो: गाड़ी की छत पर अटकी तीन जिंदगियां; लोगों ने किया रेस्क्यू

 कोरबा. कोरबा में शनिवार को हुई तेज बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दीं। शहर का दादर नाला उफान पर आया तो यहां एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नाला पार करने की कोशिश कर रही एक स्कॉर्पियो अचानक पानी के तेज बहाव में बहने लगी। वाहन में तीन युवक सवार थे। हालात बिगड़ते देख मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें स्कॉर्पियो तेज बहाव में बहती नजर आ रही है।

बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में सवार तीनों युवक सुभाष ब्लॉक स्थित एसईसीएल क्षेत्र के रहने वाले हैं। वे दादर नाला पार करने पहुंचे थे। स्थानीय लोगों ने उन्हें रोकने और पानी का बहाव कम होने का इंतजार करने की सलाह दी थी, लेकिन युवक वाहन लेकर नाला पार करने लगे।

जैसे ही स्कॉर्पियो नाले के बीच पहुंची, पानी का तेज बहाव वाहन को अपने साथ बहाकर ले गया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। करीब आधे घंटे तक स्कॉर्पियो पानी में तैरती रही और तीनों युवक जान बचाने के लिए वाहन की छत पर बैठे रहे। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए रेस्क्यू कर तीनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

हादसे के बाद नाले के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई, जिससे लंबा जाम लग गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक दादर नाला हर साल बारिश के दौरान उफान पर आ जाता है। नाले के किनारे बसे करीब आधा दर्जन घर भी जलभराव की समस्या से प्रभावित हैं।

लोगों का कहना है कि बार-बार ऐसी स्थिति बनने के बावजूद नाले की सफाई, गहराईकरण और जल निकासी को लेकर स्थायी समाधान नहीं किया गया है। उनका आरोप है कि प्रशासन को कई बार समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। फिलहाल प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर नजर बनाए हुए है। लोगों से अपील की जा रही है कि बारिश के दौरान नाले में पानी का बहाव तेज होने पर किसी भी हालत में उसे पार करने का जोखिम न उठाएं।
विज्ञापन

खबर शेयर करें: