छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में गर्मी की दस्तक, सुबह-रात में ठंड और दोपहर में तपिश का डबल असर

रायपुर। छत्तीसगढ़ में फरवरी की शुरुआत के साथ ही मौसम का मिजाज तेजी से बदलने लगा है। प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह हल्का कोहरा और रात में ठंड महसूस की जा रही है, वहीं दोपहर होते-होते तेज धूप और बढ़ती गर्मी लोगों को परेशान करने लगी है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में रात के तापमान में बढ़ोतरी के संकेत दिए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश भर में मौसम शुष्क बना रहा। इस दौरान सबसे अधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। इससे साफ है कि प्रदेश में दिन और रात के तापमान के बीच अंतर बढ़ता जा रहा है।
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर अफगानिस्तान और उससे लगे क्षेत्रों में सक्रिय है। इसके प्रभाव से 7 फरवरी तक छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। हालांकि अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद रात के तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार 8 फरवरी के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है, जिसका अप्रत्यक्ष असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी देखने को मिल सकता है। इसके चलते ठंड धीरे-धीरे कमजोर होगी और गर्मी का असर बढ़ेगा।

राजधानी रायपुर की बात करें तो आज सुबह के समय हल्की धुंध छाए रहने की संभावना है। दिन चढ़ने के साथ तेज धूप खिल सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि रायपुर में आज अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 18 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।



IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button