Sarangarh News: 14.670 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, वैगनर कार समेत 9.41 लाख की संपत्ति जब्त
Sarangarh News: 14.670 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, वैगनर कार समेत 9.41 लाख की संपत्ति जब्त
ओडिशा से गांजा लाकर खरसिया में खपाने की थी योजना, बरमकेला पुलिस और ANTF की संयुक्त कार्रवाई
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 16 सितंबर 2026। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एएनटीएफ और थाना बरमकेला पुलिस की संयुक्त टीम ने 14.670 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही वैगनर कार और दो मोबाइल फोन समेत कुल ₹9,41,500 की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल एवं उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) संतोषी ग्रेस के मार्गदर्शन में जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
ओडिशा से आ रही वैगनर कार को पुलिस ने रोका
16 सितंबर को गश्त एवं पेट्रोलिंग के दौरान बरमकेला पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम को सूचना मिली कि ओडिशा की ओर से एक संदिग्ध ग्रे रंग की वैगनर कार क्रमांक CG13 AE 3695 आ रही है। पुलिस टीम ने वाहन को रोककर पूछताछ की। इस दौरान कार चालक मौका पाकर फरार हो गया, जबकि वाहन में सवार एक अन्य व्यक्ति ने अपना नाम तूकेश्वर साहू, पिता तेरस राम साहू, निवासी ग्राम रोगदा, थाना नवागढ़, जिला जांजगीर-चांपा बताया।
वाहन की तलाशी लेने पर कार की डिक्की में रखी काले रंग की प्लास्टिक बोरी से 14 पैकेटों में कुल 14.670 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने गांजा, परिवहन में प्रयुक्त वैगनर कार और दो मोबाइल फोन जब्त कर कुल ₹9,41,500 की संपत्ति बरामद की।
खरसिया क्षेत्र में खपाने की थी योजना
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह ओडिशा से गांजा खरीदकर बिनका–सोहेला–बरमकेला होते हुए खरसिया, जिला रायगढ़ क्षेत्र में पहुंचाने जा रहा था। पुलिस अब गांजा के स्रोत और इससे जुड़े संभावित नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस द्वारा मामले में गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका के साथ-साथ अवैध कारोबार के वित्तीय स्रोतों की भी जांच की जा रही है। फरार चालक की तलाश जारी है।
आरोपी जेल भेजा गया
आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी तथा अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के नेटवर्क तक पहुंचने के लिए पुलिस द्वारा आगे भी कार्रवाई की जाएगी।