रायगढ़

Raigarh News: सड़क सुरक्षा को लेकर रायगढ़ पुलिस का फोकस तेज, एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में कार्रवाई के साथ जागरूकता अभियान

 

औद्योगिक क्षेत्रों में बढ़ते ट्रैफिक को लेकर विशेष सतर्कता, वाहन चालकों को नियमों की जानकारी, लापरवाही, तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने को बताया दुर्घटनाओं की बड़ी वजह

 

रायगढ़, 08 फरवरी 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस द्वारा एक ओर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रतिदिन सघन जांच कार्रवाई की जा रही है, वहीं दूसरी ओर लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर आम नागरिकों को सुरक्षित यातायात के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

इसी क्रम में आज दिनांक 08.02.2026 को थाना कोतरारोड़ प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज द्वारा स्थानीय जिंदल वाहन पार्किंग परिसर में वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा उनसे बचाव के उपायों के संबंध में जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में वाहन चालक उपस्थित रहे, जिन्हें सुरक्षित ड्राइविंग के महत्व से अवगत कराया गया।

थाना प्रभारी ने अपने संबोधन में कहा कि जिन क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियां अधिक हैं, वहां वाहनों की संख्या भी ज्यादा होती है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना केवल एक व्यक्ति की जान नहीं लेती, बल्कि उसके पूरे परिवार के लिए जीवनभर का न भरने वाला शून्य छोड़ जाती है। वाहन चालक की एक छोटी-सी लापरवाही भी जीवनभर का पछतावा बन सकती है।



















उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे नशे की हालत में वाहन न चलाएं, नियमित स्वास्थ्य जांच कराते रहें तथा सीट बेल्ट सहित सभी यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। साथ ही सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को देखकर अनदेखा न करने की अपील करते हुए “राहवीर योजना” की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यदि कोई नागरिक सड़क दुर्घटना के बाद घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल या ट्रॉमा सेंटर पहुंचाकर उसकी जान बचाने का प्रयास करता है, तो शासन की राहवीर योजना के अंतर्गत उसे सम्मानित किया जाता है तथा 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है।

कार्यक्रम के दौरान थाना कोतरारोड़ का स्टाफ भी उपस्थित रहा। रायगढ़ पुलिस का उद्देश्य केवल कार्रवाई तक सीमित न रहकर नागरिकों में जिम्मेदार यातायात व्यवहार विकसित करना है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके।

इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि “सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। यातायात नियमों का उल्लंघन न केवल कानून तोड़ना है, बल्कि यह स्वयं और दूसरों के जीवन को जोखिम में डालना भी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही, तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की कि वे जिम्मेदार चालक बनें, यातायात नियमों का पालन करें और सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद के लिए आगे आएँ, ताकि समय पर उपचार मिल सके और अनमोल जिंदगियाँ बचाई जा सकें।”



IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button