रायगढ़

Raigarh News: “ऑपरेशन आघात” के तहत नशे के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी, नाबालिगों को सोल्यूशन ट्यूब बेचने वाले किराना दुकानदार को पुलिस ने किया गिरफ्तार

 

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में नशे के कारोबारियों और नशा फैलाने वालों पर लगातार प्रहार

एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश — “ऑपरेशन आघात” के तहत नशे के कारोबारियों और युवाओं को नशे की ओर धकेलने वालों पर ओग और सख्त कार्रवाई होगी”*

रायगढ़ । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में रायगढ़ जिले में नशे के विरुद्ध चलाया जा रहा “ऑपरेशन आघात” लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में कल दिनांक 27.05.2026 को थाना जूटमिल एवं थाना पूंजीपथरा पुलिस द्वारा अलग-अलग कार्रवाई करते हुए नशे के कारोबार और अवैध शराब बिक्री के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई। विदित हो कि एक दिन पूर्व थाना कोतवाली पुलिस द्वारा नाबालिग बच्चों को नशे के लिए सोल्यूशन ट्यूब बेचने वाले युवक को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता एवं जेजे एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी। लगातार हो रही कार्रवाई से नशे के कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है।

जेल कॉम्प्लेक्स स्थित किराना दुकान में सोल्यूशन ट्यूब बेचने पर जूटमिल पुलिस की रेड कार्रवाई

जानकारी के मुताबिक जूटमिल पुलिस को सूचना मिली थी कि केलो पुल के पास जेल कॉम्प्लेक्स स्थित संतोष किराना दुकान में किराना सामान के साथ MAXO BOND ADHESIVE सोल्यूशन ट्यूब रखकर छोटे-छोटे नाबालिग बच्चों को नशे के लिए बेचा जा रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनवकांत सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम द्वारा छापेमार कार्रवाई की गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो 2-3 नाबालिग लड़के कपड़े में सोल्यूशन लगाकर नशा करते मिले, जो पुलिस को देखकर भाग गए।









दुकान संचालक ने अपना नाम *संतोष वाधवानी पिता स्व. रमन दास वाधवानी उम्र 57 वर्ष निवासी पंचवटी नगर बोईरदादर थाना चक्रधरनगर जिला रायगढ़* बताया। गवाहों की उपस्थिति में दुकान की तलाशी लेने पर एक एल्यूमिनियम डिब्बे से MAXO BOND ADHESIVE कंपनी के 50 एमएल के 13 नग तथा 10 एमएल के 39 नग सोल्यूशन ट्यूब एवं बिक्री रकम 450 रुपये (कुल 1555 रूपये) बरामद की गई। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह नाबालिग बच्चों को प्रिंट रेट से अधिक कीमत पर सोल्यूशन बेचता था, जबकि उसे यह जानकारी थी कि बच्चे इसका उपयोग नशे के रूप में कर रहे हैं। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 77 जेजे एक्ट तथा धारा 123, 275 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है।

कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक हेमंत कश्यप, प्रधान आरक्षक लोमेश सिंह राजपूत, आरक्षक तरूण महिलाने, सुशील यादव, नरेश रजक एवं परमानंद सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा है कि जिले में नशे के खिलाफ “ऑपरेशन आघात” लगातार जारी रहेगा। विशेषकर नाबालिग बच्चों को नशे की ओर धकेलने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अवैध शराब, नशीले पदार्थ और युवाओं को नशे की लत लगाने वाले कारोबारियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।



IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button