Raigarh News: खरसिया क्षेत्र में वाटर एटीएम आगजनी मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, पूर्व रंजिश में स्कूटी और एटीएम जलाने की घटना का खुलासा

रायगढ़ December 11, 2024 • रिपोर्टर: raigarh top news
Raigarh News: खरसिया क्षेत्र में वाटर एटीएम आगजनी मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, पूर्व रंजिश में स्कूटी और एटीएम जलाने की घटना का खुलासा

Raigarh News: खरसिया क्षेत्र में वाटर एटीएम आगजनी मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, पूर्व रंजिश में स्कूटी और एटीएम जलाने की घटना का खुलासा

रायगढ़ । एसपी  दिव्यांग कुमार पटेल और एडिशनल एसपी श्री आकाश मरकाम के मार्गदर्शन पर खरसिया पुलिस ने नया बस स्टैंड के पास वार्ड क्रमांक 16 में नगरपालिका द्वारा स्थापित वाटर एटीएम को आग लगाने की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस आगजनी से एटीएम पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे नगरपालिका को करीब 9.5 लाख रुपये की क्षति हुई।

घटना को लेकर 10 दिसंबर को खरसिया नगर पालिका के सीएमओ विक्रम भगत ने पुलिस चौकी में आवेदन देकर शिकायत की कि 9 दिसंबर की रात कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने वाटर एटीएम को आग लगा दी। इस घटना में एटीएम जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 754/24 के तहत धारा 324(2), 324(5) बीएनएस और लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम 1984 की धारा 4 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

एसडीओपी खरसिया प्रभात कुमार पटेल के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक संजय नाग ने जांच की। मुखबिर की सूचना पर संदिग्धों की पहचान हुई। चंद्रशेखर उर्फ पप्पू गबेल ने बताया कि 9 दिसंबर को वह अपनी स्कूटी पर बाबुल खान को बैठाकर बस स्टैंड गया था, जहां पुरानी बस्ती निवासी प्रेमलाल सिदार और बिट्टू सिदार से उसकी झड़प हुई।

पुरानी रंजिश के चलते प्रेमलाल और बिट्टू ने चंद्रशेखर के साथ मारपीट की, जिससे वह डरकर अपनी स्कूटी छोड़कर घर भाग गया। बाद में दोनों आरोपियों ने स्कूटी को जलती लकड़ी से आग लगा दी। स्कूटी से लगी आग की लपटों ने पास में खड़े वाटर एटीएम को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वह जलकर नष्ट हो गया।

पुलिस ने चंद्रशेखर की शिकायत पर मारपीट और गाली-गलौच के लिए धारा 296, 115(2) बीएनएस को जोड़ा। तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों प्रेमलाल सिदार और बिट्टू सिदार को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार किया। आरोपियों को गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी
1. प्रेमलाल सिदार (संवरा) – उम्र 23 वर्ष, निवासी सौरापारा, पुरानी बस्ती, वार्ड क्रमांक 9, खरसिया।
2. बिट्टू उर्फ सागर सिदार (संवरा) – उम्र 19 वर्ष, निवासी सौरापारा, पुरानी बस्ती, वार्ड क्रमांक 9, खरसिया।
इस घटना के बाद पुलिस की तेज़ कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर सकारात्मक संदेश गया है।

खबर शेयर करें: