देशरायगढ़

पोलो भारत की सांस्कृतिक विरासत और शौर्य परंपरा का प्रतीक है: नवीन जिन्दल

कुरुक्षेत्र में पहली बार होगा पोलो मैच, सांसद नवीन जिन्दल की पहल से पोलो खेल के प्रति युवाओं में बढ़ा आकर्षण

सांसद खेल महोत्सव 2025 के अंतर्गत 13 दिसंबर को कुरुक्षेत्र में होगा आयोजन; सभी तैयारियाँ पूर्ण

कुरुक्षेत्र: 10 दिसंबर। सांसद नवीन जिन्दल की पहल पर, सांसद खेल महोत्सव 2025 के अंतर्गत पोलो एग्जीबिशन मैच का आयोजन आगामी शनिवार, 13 दिसंबर को शाम 3 बजे जिन्दल हाउस, सांवला, कुरुक्षेत्र में होगा। यह ऐतिहासिक आयोजन सांसद नवीन जिन्दल के मार्गदर्शन में हो रहा है, जिससे स्थानीय लोगों और खेल प्रेमियों में भारी उत्साह है।

पोलो दुनिया के सबसे प्राचीन खेलों में एक है। लगभग दो हजार वर्ष पूर्व भारत में ‘चौगन’ नाम से प्रारंभ हुआ यह खेल समय के साथ विकसित होकर आधुनिक पोलो बना। कभी राजघरानों और सेना का गौरव रहा यह खेल संसाधनों के अभाव में लगभग विलुप्ति की स्थिति में पहुँच गया था। सांसद नवीन जिन्दल ने इस पारंपरिक और शौर्यपूर्ण खेल के पुनर्जीवन का बीड़ा उठाकर इसे आधुनिक सुविधाओं के साथ देश के युवाओं तक फिर से पहुँचाने का संकल्प लिया।

पोलो को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सांसद नवीन जिन्दल ने नोएडा स्थित जिन्दल पोलो एस्टेट में पाँच अंतर्राष्ट्रीय स्तर के पोलो मैदानों की स्थापना करवाई है। इनमें से एक मैदान देश का एकमात्र नाइट-पोलो ग्राउंड है, जहाँ रात में भी पोलो मैच खेले जा सकते हैं। सांसद नवीन जिन्दल स्वयं पोलो के कुशल खिलाड़ी हैं और उनकी टीम ‘जिंदल पैंथर’ भारत की प्रमुख पोलो टीमों में से एक है, जिसमें वे बतौर कैप्टन खेलते हैं।

सांसद नवीन जिन्दल ने इस अवसर पर कहा कि पोलो भारत की सांस्कृतिक विरासत और शौर्य परंपरा का प्रतीक है। हमारा संकल्प है कि इस ऐतिहासिक खेल को फिर से वह पहचान और सम्मान मिले जिसका यह हकदार है। कुरुक्षेत्र की पवित्र धरती पर पोलो एग्जीबिशन मैच का आयोजन मेरे लिए विशेष खुशी की बात है। मुझे पूरा विश्वास है कि यह आयोजन युवाओं को प्रेरणा देगा।



















सांसद कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि आगामी एग्जीबिशन मैच को लेकर मैच स्थल पर पोलो ग्राउंड की लेवलिंग, मार्किंग, सेफ्टी बैरियर्स, तथा दर्शक दीर्घा (स्टैंड्स) की सभी व्यवस्थाएँ क्रमबद्ध तरीके से पूरी हो चुकी हैं। पोलो खेल के लिए घोड़े नोएडा से कुरुक्षेत्र पहुंच चुके हैं।
इसके अलावा घोड़ों की स्टेबलिंग, फिटनेस चेक, वॉर्म-अप एरिया, तथा खिलाड़ियों की आवश्यकताओं के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।

मैच कोऑर्डिनेटर रोहन मेनन ने बताया कि माननीय सांसद नवीन जिन्दल के प्रयासों से पोलो को दोबारा नई पहचान मिली है। हम कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के युवाओं को जयपुर पोलो ग्राउंड नई दिल्ली और जिन्दल पोलो एस्टेट नोएडा में ले जाकर लाइव मैच दिखाते हैं, जहाँ वे खेल के नियम, तकनीक और शिष्टाचार सीखते हैं। हमारा उद्देश्य है कि कुरुक्षेत्र के युवा भी इस ऐतिहासिक और प्रतिष्ठित खेल से जुड़ें।

उल्लेखनीय है कि कुरुक्षेत्र में पहली बार होने जा रहा यह पोलो एग्जीबिशन मैच स्थानीय खेल संस्कृति और युवाओं की खेल जागरूकता को एक नई दिशा देगा। क्षेत्रभर में इस आयोजन को लेकर भारी उत्साह है।



IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button