Raigarh News: खाने की दावत पड़ी भारी: कोटवार और बेटों ने ग्रामीण की चाकू मारकर हत्या की

रायगढ़। रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम उरबा में शनिवार रात भोजन के दौरान हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पत्तल और खाने को लेकर शुरू हुई कहासुनी के बाद गांव के कोटवार और उसके दो बेटों ने एक ग्रामीण पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम उरबा निवासी दामोदर राठिया (37) ने शनिवार रात गांव के कोटवार हरिराम चौहान (50) को अपने घर भोजन के लिए आमंत्रित किया था। खाना खाने के दौरान पत्तल और भोजन से संबंधित किसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी। आरोप है कि हरिराम चौहान ने अपने बेटे आकाश चौहान (22) और 17 साल के नाबालिग बेटे को मौके पर बुला लिया। इसके बाद तीनों ने मिलकर दामोदर की पिटाई की और वहां रखे चाकू से उसके पेट पर वार कर दिया।
आरोपियों से पूछताछ जारी
घटना की जानकारी रविवार सुबह आसपास के लोगों को लगी, जिसके बाद तमनार थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच के बाद शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने गांव के कोटवार हरिराम चौहान और उसके दोनों बेटों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






