रायगढ़

 Raigarh News: ओपी जिंदल मार्ग बनेगा अंचल का मॉडल रोड, जिंदल फाउंडेशन ने शुरू किया सड़क उन्नयन कार्य, लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से होगा विकास

रायगढ़। शहर की प्रमुख एवं व्यस्ततम सड़कों में शामिल केवड़ाबाड़ी चौक से सेठ किरोड़ीमल चौक तक स्थित ओपी जिंदल मार्ग अब जल्द ही अंचल की मॉडल रोड के रूप में विकसित होता नजर आएगा। जिंदल फाउंडेशन द्वारा सड़क के नवीनीकरण एवं उन्नयन कार्य की शुरुआत कर दी गई है। सोमवार शाम आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान एवं नगर निगम के जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में विधिवत कार्यारंभ किया गया।

ढिमरापुर चौक से केवड़ाबाड़ी चौक के बीच स्थित ओपी जिंदल मार्ग को शहर की जीवनरेखा माना जाता है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। इसी महत्व को देखते हुए जिंदल फाउंडेशन ने इस सड़क को आधुनिक सुविधाओं से युक्त आदर्श सड़क के रूप में विकसित करने की पहल की है। केवड़ाबाड़ी चौक में आयोजित भूमिपूजन समारोह में महापौर जीवर्धन चौहान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में नगर निगम सभापति डिग्रीलाल साहू, एमआईसी सदस्य सुरेश गोयल, श्रीमती पूनम सोलंकी, मुक्तिनाथ बबुआ, अमित शर्मा, वार्ड पार्षद श्रीमती सुमित्रा खुलु सारथी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक शामिल हुए। जिंदल स्टील लिमिटेड की ओर से कार्यपालन निदेशक देबोज्योति रॉय, एक्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट संजीव चौहान, सिविल विभाग प्रमुख अमित जैन एवं सीएसआर प्रमुख अपूर्व चौधरी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। अतिथियों ने विधिवत भूमिपूजन एवं नारियल फोड़ने के पश्चात गैंती चलाकर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं वित्तमंत्री ओपी चौधरी के नेतृत्व में प्रदेश में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सड़क शहर की सबसे महत्वपूर्ण सड़कों में से एक है तथा जिंदल फाउंडेशन द्वारा इसे मॉडल रोड के रूप में विकसित करने से आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम क्षेत्र के सभी 48 वार्डों में विभिन्न विकास कार्य निरंतर जारी हैं। नगर निगम सभापति डिग्रीलाल साहू ने इस पहल के लिए सभी को बधाई देते हुए कहा कि सड़क उन्नयन से शहर की बड़ी आबादी को बेहतर यातायात सुविधा प्राप्त होगी। जिंदल स्टील लिमिटेड के कार्यपालन निदेशक देबोज्योति रॉय ने अपने स्वागत उद्बोधन में कहा कि जिंदल फाउंडेशन क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, आजीविका, कौशल विकास एवं अधोसंरचना जैसे विभिन्न क्षेत्रों में फाउंडेशन की सक्रिय भागीदारी है। उन्होंने कहा कि ओपी जिंदल मार्ग के उन्नयन कार्य को शीघ्र पूर्ण करने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन एक्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट संजीव चौहान ने किया।

लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से विकसित होगी आदर्श सड़क
जिंदल फाउंडेशन द्वारा ओपी जिंदल मार्ग को लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक मॉडल रोड के रूप में विकसित किया जाएगा। परियोजना के तहत डिवाइडर के दोनों ओर दो-दो लेन सहित कुल चार लेन सड़क का निर्माण किया जाएगा। सड़क की चौड़ाई दोनों ओर 10-10 मीटर रखी जाएगी। इसके साथ ही आधुनिक स्ट्रीट लाइटिंग एवं डिवाइडर का सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा, जिससे सड़क की उपयोगिता के साथ-साथ इसकी सुंदरता भी बढ़ेगी।



IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button