CG News: आस्था के नाम पर अश्लील हरकत: पूजा-पाठ के बहाने महिला से छेड़छाड़ करने वाला ढोंगी आरोपी गिरफ्तार

धमतरी। धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र से आस्था और विश्वास को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ पूजा-पाठ और ताबीज पहनाने के बहाने एक महिला के साथ अश्लील हरकत और छेड़छाड़ करने वाले शातिर आरोपी को अर्जुनी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित महिला की सूझबूझ और तत्परता के कारण आरोपी अब सलाखों के पीछे पहुंच चुका है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायालय के आदेश पर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
एसपी धमतरी के निर्देश पर थाना अर्जुनी क्षेत्र में महिला की मर्यादा भंग करने एवं अश्लील हरकत करने के मामले में अर्जुनी पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
प्रार्थिया के शिकायत के आधार पर आरोपी ने पूजा-पाठ एवं ताबीज पहनाने का झांसा देकर प्रार्थिया को कमरे में अकेला किया तथा उसके साथ अशोभनीय एवं अश्लील हरकत करते हुए उसकी अस्मिता भंग करने का प्रयास किया। महिला द्वारा विरोध कर शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।
प्रकरण में थाना अर्जुनी में अपराध क्रमांक 83/2026 के तहत धारा 74 बीएनएस के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। पुलिस टीम ने तत्काल कार्यवाही करते हुए आरोपी की तलाश कर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी से आवश्यक पूछताछ की गई तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी का नाम:
दुर्गेश्वर प्रसाद चौरे उर्फ मोची गब्बर, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम देमार, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी (छ.ग.)
धमतरी पुलिस महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान के प्रति प्रतिबद्ध है। महिलाओं से जुड़े अपराधों में दोषियों के विरुद्ध कठोर एवं त्वरित वैधानिक कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।