लॉगिन

Sarangarh News: सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी, दो चोर और चोरी का माल रखने वाला साथी गिरफ्तार, जेवर-मोबाइल व नकदी बरामद

रायगढ़ August 26, 2026 रिपोर्टर: raigarh top news
Sarangarh News: सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी, दो चोर और चोरी का माल रखने वाला साथी गिरफ्तार, जेवर-मोबाइल व नकदी बरामद

Sarangarh News: सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी, दो चोर और चोरी का माल रखने वाला साथी गिरफ्तार, जेवर-मोबाइल व नकदी बरामद

सारंगढ़-बिलाईगढ़। बिलाईगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पंडरीपानी में सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने वारदात में शामिल दो आरोपियों समेत चोरी की संपत्ति अपने कब्जे में रखने वाले एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, पंडरीपानी निवासी श्रवण कुमार रात्रे ने 19 अगस्त 2026 को थाना बिलाईगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि परिवार के लोग मकान में ताला लगाकर रोजी-रोटी के लिए अलग-अलग राज्यों में रहते हैं। मकान की चाबी उनके चचेरे भाई चरणलाल के पास थी। 18 अगस्त की शाम चरणलाल ने फोन कर बताया कि घर का ताला टूटा हुआ है और सामान बिखरा पड़ा है। अलमारी का लॉकर भी तोड़ा गया था।

मकान की जांच करने पर करीब आधा तोला सोने की फरमाला, 4 ग्राम सोने के टॉप्स, 2 ग्राम की नाक की फुली, करीब 40 तोला चांदी की पायल, 5 तोला चांदी का माला, 20 तोला बजरबट्टू और 20 तोला पायल समेत अन्य जेवरात गायब मिले। मामले में पुलिस ने धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

नए मोबाइल और खर्च करने से हुआ शक

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर बिलाईगढ़ पुलिस ने चोरों की पतासाजी शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम पंडरीपानी के रहने वाले सुमित कुमार लहरे (20) और देवा रात्रे (18) ने हाल ही में नया मोबाइल खरीदा है और दोनों काफी पैसे खर्च कर रहे हैं।

पुलिस ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर अलग-अलग पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने 13 अगस्त 2026 को एकराय होकर दीवार फांदकर मकान में प्रवेश करने और ताला तोड़कर अलमारी से सोने-चांदी के जेवर चोरी करने की बात स्वीकार की।

चोरी के हिस्से से खरीदा मोबाइल, नकदी भी बरामद

पुलिस के मुताबिक, आरोपी सुमित लहरे ने चोरी में मिले अपने हिस्से के सामान को बेचकर रियलमी कंपनी का मोबाइल खरीदा था। पुलिस ने उसके कब्जे से मोबाइल, उसका बिल और 4 हजार रुपये नकद बरामद किए।

वहीं आरोपी देवा रात्रे ने चोरी के जेवरों में से सोने का माला, एक जोड़ी पायल और चांदी की चेन अपने पास रखने की बात बताई। उसने सोने का माला और चांदी की पायल अपने मामा मनीष कुमार महिलांगे (20), निवासी पोंडीबाहर, कोरबा को देने की बात स्वीकार की।

देवा की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की संपत्ति बरामद की। मनीष महिलांगे के कब्जे से सोने के माला की 9 पत्तियां और चांदी की पायल भी जब्त की गई।

तीनों आरोपियों पर कार्रवाई

जांच में दो से अधिक आरोपियों द्वारा एकराय होकर चोरी करना पाए जाने पर मामले में धारा 3(5) बीएनएस जोड़ी गई। वहीं चोरी की संपत्ति को बेईमानीपूर्वक अपने कब्जे में रखने के आरोप में मनीष कुमार महिलांगे के खिलाफ धारा 317 बीएनएस जोड़ी गई।

पुलिस ने मामले में तीनों आरोपियों—सुमित कुमार लहरे, देवा रात्रे और मनीष कुमार महिलांगे—को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस की कार्रवाई से चोरी के मामले का खुलासा होने के साथ चोरी की संपत्ति का एक हिस्सा भी बरामद किया गया है।

खबर शेयर करें: