Raigarh News: पीएम आवास योजना में लापरवाहीः ग्राम पंचायत नगोई के सचिव निलंबित

रायगढ़ March 6, 2026 रिपोर्टर: raigarh top news
Raigarh News: पीएम आवास योजना में लापरवाहीः ग्राम पंचायत नगोई के सचिव निलंबित

Raigarh News: पीएम आवास योजना में लापरवाहीः ग्राम पंचायत नगोई के सचिव निलंबित

 

निर्माण कार्य में रुचि नहीं लेने और आदेशों की अवहेलना करने पर हुई कार्रवाई
रायगढ़, 6 मार्च 2026/ प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण योजना के कार्यों में लापरवाही बरतने के मामले में ग्राम पंचायत सचिव पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के निर्देश पर जनपद पंचायत खरसिया अंतर्गत ग्राम पंचायत नगोई के सचिव जीवन लाल राठिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत खरसिया के पत्र के माध्यम से प्राप्त प्रतिवेदन में पाया गया कि प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण योजना के तहत स्वीकृत निर्माण कार्यों को पूर्ण कराने में सचिव जीवन लाल राठिया द्वारा रुचि नहीं ली जा रही थी। साथ ही उच्च अधिकारियों के आदेश एवं निर्देशों की अवहेलना करते हुए अपने पदीय कर्तव्यों एवं दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरती जा रही थी।

मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्यालय द्वारा 11 फरवरी 2026 को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। इस पर सचिव जीवन लाल राठिया द्वारा 18 फरवरी 2026 को प्रस्तुत जवाब समाधानकारक नहीं पाया गया। जांच में उनका कृत्य छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा (आचरण) नियम 1998 के नियम 3 के उप नियम (1) (एक) (दो) (तीन) के विपरीत पाया गया, जिसे कदाचार की श्रेणी में माना गया। इसके बाद छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा (अनुशासन तथा अपील) नियम 1999 के नियम 4 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय कार्यालय जनपद पंचायत खरसिया निर्धारित किया गया है। साथ ही इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा। सीईओ जिला पंचायत ने कहा कि शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

खबर शेयर करें: