CG News: दीपका में चलती मालगाड़ी पर पथराव, लोको पायलट सिर पर चोट से घायल, आरोपी फरार

छत्तीसगढ़ September 11, 2026 रिपोर्टर: raigarh top news
CG News: दीपका में चलती मालगाड़ी पर पथराव, लोको पायलट सिर पर चोट से घायल, आरोपी फरार

CG News: दीपका में चलती मालगाड़ी पर पथराव, लोको पायलट सिर पर चोट से घायल, आरोपी फरार

 कोरबा। कोरबा जिले के दीपका थाना क्षेत्र से असामाजिक तत्वों की करतूत सामने आई है। दीपका रेलवे क्रॉसिंग पर चलती मालगाड़ी के इंजन पर पथराव कर दिया गया, जिसमें लोको पायलट गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों में भारी आक्रोश है और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।

जानकारी के अनुसार कोरबा रेलवे कॉलोनी निवासी लोको पायलट सुनील कुमार मालगाड़ी लेकर गेवरा खदान कोयला लोड करने के लिए जा रहे थे। जैसे ही मालगाड़ी दीपका रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंची, तभी अचानक अज्ञात लोगों ने इंजन पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। पथराव से इंजन के दरवाजे का कांच टूट गया और पत्थर सीधे लोको पायलट सुनील कुमार के सिर पर लगा। इससे उनके सिर पर गंभीर चोट आई और खून बहने लगा।

हादसे के बाद चलती मालगाड़ी को तत्काल रोकना पड़ा। घायल लोको पायलट ने इसकी सूचना अपने उच्च अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और घायल पायलट को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

इस घटना के बाद काफी समय तक मालगाड़ी रेलवे ट्रैक पर खड़ी रही, जिससे रेल यातायात भी प्रभावित हुआ। रेलवे प्रशासन ने घटना को गंभीरता से लिया है। बताया जा रहा है कि रेलवे क्रॉसिंग के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
रेलवे कर्मचारियों का कहना है कि आए दिन इस तरह की घटनाएं हो रही हैं, जिससे उनकी जान को खतरा बना रहता है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि पथराव करने वाले असामाजिक तत्वों को जल्द से जल्द पकड़कर कड़ी कार्रवाई की जाए।

दीपका पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।

खबर शेयर करें: