तारा कोल ब्लॉक पर कांग्रेस का दोहरा चरित्र उजागर, भूपेश बघेल और जयराम रमेश प्रदेश को गुमराह करना बंद करें : भाजपा

छत्तीसगढ़ September 11, 2026 रिपोर्टर: raigarh top news
तारा कोल ब्लॉक पर कांग्रेस का दोहरा चरित्र उजागर, भूपेश बघेल और जयराम रमेश प्रदेश को गुमराह करना बंद करें : भाजपा

तारा कोल ब्लॉक पर कांग्रेस का दोहरा चरित्र उजागर, भूपेश बघेल और जयराम रमेश प्रदेश को गुमराह करना बंद करें : भाजपा

 

जिस कोल ब्लॉक को CMDC को दिलाने स्वयं भूपेश बघेल ने केंद्र से किया था आग्रह, आज उसी पर बहा रहे घड़ियाली आंसू। 10 लाख पेड़ कटने का दावा सफेद झूठ, उसका दसवां हिस्सा भी नहीं काटा जाना है : : सौरभ सिंह

प्रदेश में लगातार जंगल बढ़ रहे हैं, साय सरकार विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध। जनता को गुमराह करने से बाज आए कांग्रेस

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने तारा कोल ब्लॉक को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर तीखा पलटवार करते हुए कहा है कि कांग्रेस इस मामले में अपने ही पुराने फैसलों को छिपाकर प्रदेश की जनता को गुमराह कर रही है।
वरिष्ठ भाजपा नेता और छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह ने कहा कि आज जिस तारा और हसदेव-अरण्य के नाम पर कांग्रेस पर्यावरण की दुहाई दे रही है, वहां खनन का रास्ता खोलने और वन स्वीकृति की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का काम स्वयं कांग्रेस ने किया है।

भाजपा नेता सौरभ सिंह ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने कार्यकाल में स्वयं केंद्र सरकार से तारा कोल ब्लॉक CMDC को आवंटित करने का आग्रह किया था। जून 2021 में तत्कालीन मुख्यमंत्री ने केंद्रीय कोयला मंत्री के समक्ष तारा कोल ब्लॉक CMDC को देने की मांग रखी थी। ऐसे में भूपेश बघेल को प्रदेश की जनता को यह बताना चाहिए कि यदि तारा में खनन पर्यावरण के लिए इतना ही विनाशकारी था, तो मुख्यमंत्री रहते हुए वे स्वयं इसी तारा कोल ब्लॉक को CMDC को दिलाने का आग्रह क्यों कर रहे थे? आज उसी ब्लॉक के नाम पर उनका विरोध कांग्रेस के राजनीतिक दोहरेपन को उजागर करता है।

सौरभ सिंह ने कहा कि हसदेव-अरण्य क्षेत्र में खनन का मार्ग तत्कालीन UPA सरकार के कार्यकाल में ही खोला गया था। तारा एवं परसा ईस्ट एवं केते बासन (PEKB) के संबंध में Forest Advisory Committee (FAC) द्वारा अनुशंसा नहीं किए जाने के बावजूद तत्कालीन केंद्रीय पर्यावरण एवं वन मंत्री जयराम रमेश ने दोनों परियोजनाओं को क्लीयरेन्स देने का फैसला किया था। तारा को 23 जून 2011 को स्टेज-I वन स्वीकृति दिए जाने का रिकॉर्ड है। आज वही जयराम रमेश तारा को लेकर रोना रहे हैं। कांग्रेस को पहले अपने शासनकाल में लिए गए इन निर्णयों का जवाब देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि वर्तमान स्थिति कांग्रेस नीत यूपीए से बिल्कुल अलग और स्पष्ट है। अभी तारा कोल ब्लॉक में खनन की अनुमति नहीं दो गयी है। भारत सरकार की खुली, प्रतिस्पर्धी और पारदर्शी commercial coal e-auction में CG Syn-Gas and Chemicals Limited सफल बोलीदाता रही है। वास्तविक खनन प्रारंभ करने से पहले वन स्वीकृति सहित सभी आवश्यक वैधानिक एवं पर्यावरणीय परीक्षण, अनुमतियां और निर्धारित शर्तों की पूर्ति अभी शेष है। इसलिए कांग्रेस द्वारा ऐसा वातावरण बनाया जाना कि नीलामी होते ही जंगल काटने और खनन की अनुमति दे दी गई है, सफेद झूठ है।

छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष श्री सिंह ने कांग्रेस द्वारा प्रचारित कथित 10 लाख से अधिक पेड़ काटे जाने के दावे को भी सफेद झूठ बताए हुए कहा कि एक मोटे आकलन के अनुसार तारा परियोजना में इसका दसवां हिस्सा पेड़ ही बमुश्किल काटे जाएंगे। और यह कटाई भी अलग-अलग चरणों में होगी। उन्होंने कहा कि इस संभावित कटाई के उलट प्रदेश में हो रहे वृक्षारोपण और बढ़ते हरित आवरण के व्यापक परिप्रेक्ष्य में भी देखा जाना चाहिए। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने पिछले दो वर्षों में लगभग 7 करोड़ पौधे लगाने का अभियान चलाया है। सरकार विकास के साथ-साथ प्रदेश की हरियाली बढ़ाने के लिए निरंतर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में वन एवं वृक्ष आवरण में 683.62 वर्ग किलोमीटर की वृद्धि दर्ज हुई है। India State of Forest Report-2023 की रिपोर्ट के अनुसार यह वृद्धि देश में सर्वाधिक है। इसलिए कांग्रेस द्वारा छत्तीसगढ़ के जंगल लगातार कम होने जैसा वातावरण बनाया जाना नवीनतम आधिकारिक आँकड़े सफेद झूठ के अलावा और कुछ नहीं है। हर जगह पस्त और परास्त होने के बाद कांग्रेस अब जनता को केवल गुमराह कर रही है।

सौरभ सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और जयराम रमेश से सवाल किया कि यदि तारा में खनन पर्यावरण विरोधी था तो कांग्रेस शासनकाल में FAC की प्रतिकूल अनुशंसा के बावजूद वन स्वीकृति देने का निर्णय क्यों लिया गया? भूपेश बघेलजी ने मुख्यमंत्री रहते हुए इसी ब्लॉक को CMDC को आवंटित करने के लिए केंद्र सरकार से आग्रह क्यों किया?
सौरभ सिंह ने कहा कि कांग्रेस को घड़ियाली आंसू बहाने, आधे-अधूरे तथ्य पेश करने और भय का वातावरण बनाने के बजाय अपने पुराने निर्णयों का जवाब देना चाहिए। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार प्रदेश के प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग विकास, रोजगार और आर्थिक प्रगति के लिए पूरी पारदर्शिता से करेगी तथा साथ ही जंगल, पर्यावरण और जनजातीय हितों की सुरक्षा के लिए सभी वैधानिक प्रावधानों का कठोरता से पालन सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का दोहरा चरित्र और राजनीतिक अवसरवाद अब प्रदेश की जनता के सामने उजागर हो चुका है। अब जनता इनके झांसे में बिल्कुल भी नहीं आने वाली है।

खबर शेयर करें: