रायपुर में सूखे नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, 20 लाख की MDMA के साथ राजस्थान का युवक गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ August 10, 2026 रिपोर्टर: raigarh top news
रायपुर में सूखे नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, 20 लाख की MDMA के साथ राजस्थान का युवक गिरफ्तार

रायपुर में सूखे नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, 20 लाख की MDMA के साथ राजस्थान का युवक गिरफ्तार

 

रायपुर। राजधानी में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और थाना गंज पुलिस की संयुक्त टीम ने 106.19 ग्राम MDMA के साथ राजस्थान के एक अंतर्राज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त MDMA और आईफोन समेत कुल मशरूका की कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है।

यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) तारकेश्वर पटेल की सतत मॉनिटरिंग में की गई।

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी

पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त 2026 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि गंज थाना क्षेत्र के तेलघानी नाका ओवरब्रिज के नीचे बिजली ऑफिस के पास एक व्यक्ति MDMA लेकर बिक्री की फिराक में खड़ा है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्काल टीम गठित कर सूचना की तस्दीक और आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और थाना गंज पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर निगरानी शुरू की।

मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्ध को चिन्हांकित कर घेराबंदी की गई और उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रामनिवास माचरा (22 वर्ष) बताया, जो मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला है।

बैग की तलाशी में मिली 106.19 ग्राम MDMA

पुलिस टीम ने आरोपी के पास रखे बैग की तलाशी ली तो उसमें 106.19 ग्राम MDMA बरामद हुई। मादक पदार्थ रखने और परिवहन के संबंध में आरोपी से वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 106.19 ग्राम MDMA और प्रकरण से संबंधित एक आईफोन जब्त किया। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 20 लाख रुपये आंकी गई है।

आरोपी के खिलाफ थाना गंज में अपराध क्रमांक 243/26 के तहत धारा 22(ग) नारकोटिक एक्ट में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

साथियों के कहने पर रायपुर लाया था नशे की खेप

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर MDMA की बिक्री करता है। वह अपने साथियों के कहने पर MDMA की खेप लेकर रायपुर में सप्लाई करने आया था।

अब पुलिस आरोपी से MDMA के स्रोत, सप्लायर, रायपुर में सप्लाई प्राप्त करने वाले लोगों, अन्य साथियों और पूरे सप्लाई नेटवर्क के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर रही है। आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर नशे के अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक मामले में इंड-टू-इंड कार्रवाई की जा रही है और विवेचना जारी है।

73 मामलों में 163 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर कमिश्नरेट पुलिस के अनुसार, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स द्वारा मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। अब तक NDPS एक्ट के 73 प्रकरणों में 163 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

इन कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल करीब 5 करोड़ 47 लाख 4 हजार 290 रुपये कीमत का मादक पदार्थ एवं अन्य सामान जब्त किया है। इसमें 588.97 किलोग्राम गांजा, 27,875 प्रतिबंधित नशीली गोलियां, 173 ग्राम MDMA, 8 पार्टी पिल्स, 4.55 ग्राम कोकीन, 251 शीशी सिरप, 20.740 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), 0.80 ग्राम ब्राउन शुगर, 71 ग्राम अफीम, करीब 13.55 लाख रुपये नगद सहित वाहन और मोबाइल फोन शामिल हैं।

पुलिस की इस कार्रवाई से राजधानी में अंतर्राज्यीय स्तर पर चल रहे सूखे नशे के नेटवर्क पर शिकंजा कसने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

खबर शेयर करें: