करोड़ों पर ED का शिकंजा! युवराज–सोनू सूद समेत नामी सितारों की संपत्ति जब्त, सट्टेबाजी केस में हड़कंप
1XBET मनी लॉन्ड्रिंग केस में बड़ा एक्शन, क्रिकेट और बॉलीवुड की बड़ी हस्तियों पर गिरी जांच एजेंसी की गाज

नई दिल्ली, 20 दिसंबर (RNS):
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म ‘1XBET’ से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए देश की जानी-मानी हस्तियों को जोरदार झटका दिया है। जांच एजेंसी ने क्रिकेटर युवराज सिंह, रॉबिन उथप्पा, अभिनेता सोनू सूद और अभिनेत्री नेहा शर्मा समेत कई नामचीन चेहरों की करोड़ों रुपये की संपत्तियां जब्त (अटैच) कर ली हैं।
ईडी का आरोप है कि इन हस्तियों ने अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप का प्रचार किया और इसके बदले विदेशी संस्थाओं से संदिग्ध लेन-देन स्वीकार किया। एजेंसी ने इस सख्त कार्रवाई से पहले सभी से कई दौर की पूछताछ की थी, जिसके बाद मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA) के तहत यह बड़ा एक्शन लिया गया।
जांच का दायरा लगातार फैलता जा रहा है। इससे पहले इसी मामले में ईडी ने पूर्व भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन और सुरेश रैना की संपत्तियां भी कुर्क की थीं। धवन का दिल्ली स्थित 4.5 करोड़ रुपये का कमर्शियल प्लॉट और रैना के 6.64 करोड़ रुपये के म्यूचुअल फंड, कुल मिलाकर 11.14 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की जा चुकी है। ईडी का अनुमान है कि यह पूरा मामला करीब 1000 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क से जुड़ा हुआ है।
ईडी की जांच में सामने आया है कि कुराकाओ में पंजीकृत ‘1XBET’ भारत में बिना किसी वैध अनुमति के संचालित हो रहा था। सोशल मीडिया और डिजिटल विज्ञापनों के जरिए भारतीय यूज़र्स को बड़े पैमाने पर निशाना बनाया गया। एजेंसी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि संबंधित क्रिकेटरों और अभिनेताओं ने सब कुछ जानते हुए भी विदेशी कंपनियों से करार किए और अवैध सट्टेबाजी से अर्जित काली कमाई को छिपाने के लिए विदेशी चैनलों के जरिए भुगतान लिया।
इस हाई-प्रोफाइल मामले में ईडी की सूची यहीं खत्म नहीं होती। युवराज, उथप्पा और सोनू सूद के अलावा उर्वशी रौतेला, पूर्व सांसद मिमी चक्रवर्ती और बंगाली अभिनेता अंकुश हाजरा से भी पूछताछ की जा चुकी है।
केंद्र सरकार द्वारा रियल मनी गेमिंग और ऑनलाइन सट्टेबाजी पर सख्ती के बाद, सेलेब्रिटीज द्वारा ऐसे प्लेटफॉर्म का प्रचार अब उनके लिए कानूनी संकट बनता जा रहा है। ईडी की यह कार्रवाई साफ संकेत देती है कि अवैध सट्टेबाजी के प्रचार में शामिल किसी भी रसूखदार चेहरे को बख्शा नहीं जाएगा।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






