रायगढ़ में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई: हॉट चिप्स में बार-बार इस्तेमाल हो रहा था तेल, 30 लीटर तेल फिंकवाया, होटल-डेयरी से सैंपल जांच के लिए भेजे
रायगढ़ में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई: हॉट चिप्स में बार-बार इस्तेमाल हो रहा था तेल, 30 लीटर तेल फिंकवाया, होटल-डेयरी से सैंपल जांच के लिए भेजे
रायगढ़। रायगढ़ में खाद्य-औषधि प्रशासन विभाग ने 16 से 30 नवंबर तक ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ अभियान शुरू किया है। इसके तहत होटल, ढाबा, डेयरी और दूसरे खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है। अभियान के पहले दिन हॉट चिप्स में बार-बार इस्तेमाल किया जा रहा 30 लीटर तेल फिंकवाया गया। वहीं, कई होटलों से खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे गए। सोमवार को विभाग की टीम ने शहर के कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए और गड़बड़ियां मिलने पर सुधार करने के निर्देश दिए गए।
होटलों से लिए पनीर और मिक्स वेज के सैंपल
जांच की शुरुआत रेलवे स्टेशन रोड स्थित अपनी रसोई के पास से हुई। यहां टीम ने पनीर और मिक्स वेज के सैंपल लिए। इसके बाद इशान और साईं श्रद्धा होटल का निरीक्षण किया गया। यहां वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थ अलग-अलग नहीं रखने, पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट नहीं होने और पन्नी की जांच से जुड़ी कमियां मिलीं। इस पर सुधार नोटिस जारी करने की अनुशंसा की गई।
वहीं, एसपी ऑफिस के पास स्थित हॉट चिप्स में तेल का बार-बार इस्तेमाल किया जा रहा था। इस पर टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 30 लीटर इस्तेमाल किया हुआ तेल फेंकवाया। साथ ही साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके बाद पंजाबी भोजनालय और जलाराम नमकीन का निरीक्षण किया गया। दोनों प्रतिष्ठानों को पानी की जांच रिपोर्ट और कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।
कुकीज-बिस्किट और मिठाइयों के सैंपल लिए
जांच टीम ने पंजाब नेशनल होटल से चावल और दाल के नमूने लिए। जूटमिल स्थित आरबी बेकर्स से कुकीज और बिस्किट के सैंपल लिए गए। सुश्री होटल में पेस्ट कंट्रोल नहीं होने पर सुधार नोटिस जारी करने की अनुशंसा की गई। वहीं, जूटमिल स्थित गणेश डेयरी में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब मिली। टीम ने यहां से बूंदी लड्डू, पनीर, पेड़ा और कलाकंद के नमूने लिए। साथ ही डेयरी को सुधार नोटिस जारी किया गया।
खाद्य लाइसेंस बनवाने के निर्देश
टीम ने सभी प्रतिष्ठानों को खाद्य पदार्थों में रंगों का इस्तेमाल तय मात्रा में ही करने और साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही अच्छी गुणवत्ता की खाद्य सामग्री रखने और खाद्य लाइसेंस, पंजीयन अनिवार्य रूप से बनवाने की समझाइश दी।
