CG Forest department action: वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, शिकार की तैयारी में घूम रहे 2 आरोपी गिरफ्तार, एयरगन- वाहन जब्त 

छत्तीसगढ़ May 26, 2025 • रिपोर्टर: raigarh top news
CG Forest department action: वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, शिकार की तैयारी में घूम रहे 2 आरोपी गिरफ्तार, एयरगन- वाहन जब्त 

CG Forest department action: वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, शिकार की तैयारी में घूम रहे 2 आरोपी गिरफ्तार, एयरगन- वाहन जब्त 

 बलौदाबाजार। बलौदा बाजार के बारनवापारा अभ्यारण्य क्षेत्र में वन्यजीवों के शिकार की साजिश नाकाम करने में वन विभाग की टीम को बड़ी सफलता मिली है. देर रात गश्त के दौरान दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा गया. इसके साथ ही वाहन, एयरगन, टॉर्च और अन्य सामग्री को जब्त किया गया, जिसे लेकर आरोपी अभ्यारण्य क्षेत्र में घूम रहे थे. विभाग ने दोनों आरोपियों को गिरफ़्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है.

संदिग्ध दो युवक गिरफ्तार
जानकारी के मुताबिक वन विभाग की टीम नियमित गश्त पर थी, तभी परिक्षेत्र कोठारी के कक्ष क्रमांक 223 और सोनाखान परिक्षेत्र के नवागांव आरक्षित वन क्षेत्र (कक्ष 247) में वनोपज जांच नाका के पास एक वाहन को रोका गया. रात करीब 10:30 बजे पकड़े गए इस वाहन क्रमांक CG-12-AU-1332 में दो युवक सवार थे, जो संदिग्ध अवस्था में नजर आए.

शिकार की तैयारी में घूम रहे थे आरोपी
जांच में वाहन से एयरगन, दो मोबाइल फोन, टॉर्च और अन्य शिकार से जुड़ी सामग्री बरामद हुई. पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे बारनवापारा क्षेत्र में वन्य प्राणियों का शिकार करने की मंशा से घूम रहे थे.

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान बंटी कुमार मैथ्यूज (निवासी ग्राम कटगी, तहसील कसडोल, जिला बलौदा बाजार) और सुरेंद्र फरमान दास (निवासी सुभाष ब्लॉक, कोरबा) के रूप में हुई है. वन विभाग ने दोनों के खिलाफ वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 और आयुध अधिनियम 1959 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा.

वनमंडलाधिकारी गणवीर धम्मशील के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई को लेकर विभागीय अधिकारियों ने बताया कि वन्यजीवों के अवैध शिकार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसी गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. इस कार्रवाई में परिक्षेत्र अधिकारी जीवन लाल साहू के नेतृत्व में महेंद्र लाल यादव, योगेश कुमार साहू, बिमलेश वर्मा, बुद्धेश्वर दिवाकर, खगेश्वर ध्रुव, भूपेंद्र बंजारे समेत सुरक्षा श्रमिकों और स्थानीय ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही.

खबर शेयर करें: