ACB का बड़ा एक्शन: 5 लाख की रिश्वत मांगने वाला प्रधान आरक्षक 20 हजार लेते रंगेहाथ गिरफ्तार
ACB का बड़ा एक्शन: 5 लाख की रिश्वत मांगने वाला प्रधान आरक्षक 20 हजार लेते रंगेहाथ गिरफ्तार
राजनांदगांव। निजी लोन के विवाद में समझौता कराने के एवज में पांच लाख रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में बसंतपुर थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक किशोर यादव को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने गिरफ्तार किया है। बुधवार को एसीबी की टीम ने उसे रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 20 हजार रुपये लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, मामला 18 लाख रुपये के निजी लोन से संबंधित है। आरोप है कि इस मामले में सेटलमेंट कराने के नाम पर प्रधान आरक्षक किशोर यादव ने प्रार्थी गौरव अग्रवाल से पांच लाख रुपये की मांग की थी। रिश्वत की मांग से परेशान होकर गौरव अग्रवाल ने एसीबी में इसकी शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के बाद ACB ने बिछाया जाल
शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने पहले आरोपों का सत्यापन किया। इसके बाद प्रधान आरक्षक को पकड़ने के लिए पूरी योजना तैयार की गई। तय योजना के मुताबिक बुधवार को प्रार्थी 20 हजार रुपये लेकर प्रधान आरक्षक के पास पहुंचा। जैसे ही उसने रिश्वत की रकम सौंपी, पहले से तैनात एसीबी की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
ACB ने हिरासत में लेकर शुरू की जांच
एसीबी के उप पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी ने कार्रवाई की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि प्रार्थी की शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। आरोपी प्रधान आरक्षक किशोर यादव को हिरासत में लेकर आगे की जांच की जा रही है।