Sarangarh News: राज्य प्रशासनिक सेवा की पीएससी प्रतियोगी परीक्षा के लिए मिलेगी निःशुल्क कोचिंग

रायगढ़ November 4, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
Sarangarh News: राज्य प्रशासनिक सेवा की पीएससी प्रतियोगी परीक्षा के लिए मिलेगी निःशुल्क कोचिंग

Sarangarh News: राज्य प्रशासनिक सेवा की पीएससी प्रतियोगी परीक्षा के लिए मिलेगी निःशुल्क कोचिंग

 

जिला प्रशासन की विशेष पहल पर आर्थिक रूप से कमजोर प्रतिभावान युवाओं को मिलेगा मार्गदर्शन

सारंगढ़–बिलाईगढ़, 4 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य शासन युवाओं को आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा के अनुरूप अवसर प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है। इसी सोच के अनुरूप कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू की विशेष पहल पर जिला प्रशासन जिले के शिक्षित, प्रतिभावान और आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं के लिए निःशुल्क पीएससी कोचिंग शुरू करने जा रहा है। इसका उद्देश्य प्रतियोगी परीक्षा की बेहतर तैयारी के लिए शैक्षणिक मार्गदर्शन उपलब्ध कराना और युवाओं को प्रशासनिक सेवाओं में चयन के उनके लक्ष्य की दिशा में सहयोग देना है।

कोचिंग के माध्यम से छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग सहित राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे इच्छुक अभ्यर्थियों को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन मिलेगा। विषय विशेषज्ञों द्वारा अध्यापन के साथ परीक्षा की तैयारी, विषयों की समझ और परीक्षा रणनीति से जुड़ी जानकारी दी जाएगी। यह अवसर विशेष रूप से उन युवाओं के लिए उपयोगी होगा, जो प्रतिभा और परिश्रम के बावजूद आर्थिक परिस्थितियों के कारण प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त नहीं कर पाते।

पीएससी परीक्षा की तैयारी के इच्छुक जिले के शिक्षित युवा निर्धारित गूगल फॉर्म के माध्यम से पंजीयन करा सकेंगे। पंजीयन लिंक शीघ्र जारी किया जाएगा। अभ्यर्थियों से निर्धारित समय-सीमा में पंजीयन सुनिश्चित करने की अपील की गई है। प्राप्त आवेदनों के आधार पर आगे की प्रक्रिया और कोचिंग संचालन से संबंधित जानकारी जिला प्रशासन द्वारा अलग से जारी की जाएगी।

राज्य शासन की युवा-केंद्रित सोच को स्थानीय स्तर पर साकार करने की दिशा में जिला प्रशासन की यह पहल महत्वपूर्ण कदम है। निःशुल्क कोचिंग के माध्यम से जिले के प्रतिभावान युवाओं को समान अवसर, उचित मार्गदर्शन और अपनी क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ने का मंच मिलेगा। जिला प्रशासन का प्रयास है कि आर्थिक कठिनाइयां युवाओं की तैयारी और उनके लक्ष्य प्राप्त करने में बाधा न बनें।

खबर शेयर करें: