Raigarh News: “शिशु संरक्षण माह” का शुभारंभ, 12 बीमारियों से बचाव हेतु बच्चों को लगेगा टीका, हर मंगलवार-शुक्रवार लगेंगे सत्र, 21 अप्रैल तक चलेगा अभियान

रायगढ़, 17 मार्च 2026/ कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देशन में जिले में “शिशु संरक्षण माह” का जिला स्तरीय शुभारंभ शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र गाँधीनगर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर एवं बच्चों को विटामिन ‘ए’ की खुराक पिलाकर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि 21 अप्रैल 2026 तक संचालित इस अभियान के अंतर्गत आयोजित सभी सत्रों में भाग लेकर बच्चों एवं माताओं को उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाएं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान के अंतर्गत 9 माह से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को 12 जानलेवा बीमारियों तथा टेटनस से बचाव हेतु टीकाकरण किया जाएगा। जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री रंजना पैंकरा ने जानकारी देते हुए बताया कि “शिशु संरक्षण माह” के दौरान जिले के सभी विकासखण्डों के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इन सत्रों में दी जाने वाली सभी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने की अपील की। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. बी.पी. पटेल ने बताया कि विटामिन ‘ए’ की खुराक प्रत्येक 6 माह में एक बार लेने से बच्चों में रतौंधी, दस्त, श्वांस, संक्रमण, बुखार एवं कुपोषण की संभावना कम होती है तथा उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि होती है। कार्यक्रम में पार्षद श्री अमरनाथ रात्रे, श्री सुरज मिरी, श्री रोशन कुर्रे, डॉ. सोनाली मेश्राम, डॉ. जी.एस. पैंकरा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






