नवीन जिन्दल तिरंगा अभियान की तरह नवीन स्वच्छता अभियान में भी हासिल करेंगे सफलता: सांसद शंकर लालवाणी
नवीन जिन्दल तिरंगा अभियान की तरह नवीन स्वच्छता अभियान में भी हासिल करेंगे सफलता: सांसद शंकर लालवाणी
सांसद नवीन जिन्दल के मार्गदर्शन में 35 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने इंदौर के स्वच्छता मॉडल के बारे में जुटाई बहुमूल्य जानकारी
कुरुक्षेत्र: 10 अक्तूबर। सांसद नवीन जिन्दल के मार्गदर्शन में 35 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने इंदौर में सेग्रिगेशन प्लांट, सीएनजी प्लांट, डोर-टू-डोर वेस्ट कलेक्शन, वेस्ट ट्रांसफर सेंटर व इंटीग्रेटेड सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट सेंटर का विजिट करते हुए स्थानीय लोगों से बातचीत की और स्वच्छता के प्रति जागरूकता के कारण जानने की कोशिश की। इंदौर में सभी स्वच्छता केंद्रों के अधिकारियों से बारीकियों को समझा।
कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के अपने-अपने क्षेत्र में इस प्रकार की व्यवस्था बनाने पर भी मंथन किया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल इंदौर के सांसद शंकर लालवाणी और पूर्व मेयर व वर्तमान विधायक मालिनी गौड़ से भी मिला और उन्हें सांसद नवीन जिन्दल की ओर से राष्ट्रीय ध्वज और पावन गीता की प्रति भेंट की। इस मौके पर सांसद शंकर लालवाणी ने प्रतिनिधिमंडल को संबोधित करते हुए कहा कि कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के सांसद नवीन जिन्दल अपने क्षेत्र में बेहतर कार्य कर रहे हैं। इसी के चलते आपको इंदौर विजिट पर भेजा गया है। नवीन जिन्दल तिरंगा अभियान की तरह नवीन स्वच्छता अभियान में भी सफलता हासिल करेंगे। मैं आप सभी को शुभकामनाएं देता हूं कि आप भी अपने कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में यह अलख जगाएं ताकि कुरुक्षेत्र भी इंदौर की तर्ज पर स्वच्छता में आगे बढ़ सके।
उल्लेखनीय है कि सांसद नवीन जिन्दल ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में नवीन स्वच्छता अभियान आरंभ करने के लिए 35 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल पुंडरी विधायक सतपाल जांबा के नेतृत्व में इंदौर का स्वच्छता मॉडल स्टडी करने के लिए अपने निजी विमान से इंदौर भेजा था।