
जशपुर। जशपुर पुलिस की नशा विरोधी विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने बीती रात नारायणपुर थाना क्षेत्र के रानीकोंबो में एक कार से 1 क्विंटल 85 किलो से अधिक गांजा बरामद किया है, जिसका बाजार मूल्य लगभग 55 लाख रुपए आंकलित किया गया है। दो तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
मुखबिर से मिली सूचना पर हुई कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान के तहत, थाना नारायणपुर पुलिस को रात करीब 3 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद क्रेटा कार (UP-32-HF-0299) से बड़ी मात्रा में नशीला पदार्थ उत्तर प्रदेश की ओर ले जाया जा रहा है। तत्काल एसपी को सूचना देकर, पुलिस टीम ने रानीकोंबो क्षेत्र में नाकाबंदी लगा दी।
कार की तलाशी में मिला भारी मात्रा में गांजा
संदिग्ध कार को रोके जाने पर उसमें दो युवक सवार मिले। कार की गहन तलाशी लेने पर पिछली सीट व डिकी के नीचे 180 पैकेटों में लपेटा हुआ गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 185 किलो 42 ग्राम था। मादक पदार्थ को पीली प्लास्टिक टेप से लपेटकर सावधानी से छुपाया गया था।
गिरफ्तार आरोपी उत्तर प्रदेश के, तीसरे साथी की तलाश जारी
पूछताछ में गिरफ्तार युवकों ने अपना नाम शान मोहम्मद (22), लखनऊ और सुहैल अहमद (19), सीतापुर बताया। उन्होंने पुलिस को बताया कि वे उड़ीसा के मलकानगिरी से यह गांजा उत्तर प्रदेश के एक व्यक्ति के लिए ला रहे थे। पुलिस ने उस तीसरे तस्कर की भी पहचान कर ली है और उसे जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया है।
मामला दर्ज, आरोपी जेल भेजे गए
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना नारायणपुर में NDPS अधिनियम की धारा 20(बी)(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्हें विधिक रूप से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। तस्करी में इस्तेमाल कार व आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए गए हैं।
“किसी को नहीं बख्शा जाएगा”- एसपी
एसपी शशि मोहन सिंह ने बताया, “नशे के खिलाफ ऑपरेशन आघात लगातार जारी है। जिले में नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और किसी को भी नहीं बख्शा जाएगा। इस सफलता के लिए हमारा मुखबिर तंत्र और पुलिस टीम सराहनीय है।”
इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक अमरबेल मिंज, अनिल कामरे, नरेश मिंज, प्रधान आरक्षक उमेश मिंज, आरक्षक अविनाश सोनी व कुलदीप खलखो की विशेष भूमिका रही।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






