रायगढ़ में राशन दुकान में 11.50 लाख की गड़बड़ी, जांच में चावल-नमक का हिसाब नहीं मिला, संचालक और विक्रेता के खिलाफ FIR

रायगढ़ October 17, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
रायगढ़ में राशन दुकान में 11.50 लाख की गड़बड़ी, जांच में चावल-नमक का हिसाब नहीं मिला, संचालक और विक्रेता के खिलाफ FIR

रायगढ़ में राशन दुकान में 11.50 लाख की गड़बड़ी, जांच में चावल-नमक का हिसाब नहीं मिला, संचालक और विक्रेता के खिलाफ FIR

रायगढ़। रायगढ़ जिले के खरसिया ब्लॉक में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान में राशन सामग्री की गड़बड़ी सामने आई है। सोनबरसा गांव की राशन दुकान की जांच में करीब 11 लाख 50 हजार 649 रुपए के चावल और नमक की अनियमितता पाई गई।

खाद्य निरीक्षक की शिकायत पर खरसिया पुलिस ने दुकान के संचालन से जुड़े धनराज साहू और गोवर्धन दास महंत के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जांच में स्टॉक और रिकॉर्ड में मिला अंतर

खरसिया की खाद्य निरीक्षक प्राची सिन्हा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 22 सितंबर को ग्राम सोनबरसा की शासकीय उचित मूल्य दुकान की जांच की गई थी। इस दौरान गांव के सरपंच, सचिव, दुकान विक्रेता धनराज साहू और अन्य ग्रामीण मौजूद थे।

जांच में दुकान में उपलब्ध राशन सामग्री और रिकॉर्ड के बीच अंतर पाया गया। खाद्य निरीक्षक के अनुसार, चावल और नमक की करीब 11.50 लाख रुपए की सामग्री में गड़बड़ी सामने आई। जांच के दौरान दुकान संचालक की ओर से संबंधित पंजी भी प्रस्तुत नहीं किया गया।

सरपंच-सचिव ने संचालन की जिम्मेदारी सौंपी थी

शिकायत के मुताबिक, सोनबरसा की शासकीय उचित मूल्य दुकान के संचालन की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत के सरपंच और सचिव को आवंटित थी। आरोप है कि उन्होंने स्टांप पेपर पर हस्ताक्षर कर दुकान के संचालन से जुड़े काम धनराज साहू और गोवर्धन दास महंत को सौंप दिए थे।

जांच के दौरान दुकान में कई अन्य अनियमितताएं भी सामने आईं। खाद्य निरीक्षक के अनुसार, दुकान में जिला शिकायत निवारण अधिकारी का संपर्क नंबर भी प्रदर्शित नहीं किया गया था।

शिकायत के बाद पुलिस ने दर्ज किया अपराध

खाद्य निरीक्षक प्राची सिन्हा की शिकायत पर खरसिया पुलिस ने धनराज साहू और गोवर्धन दास महंत के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। राशन सामग्री में गड़बड़ी और दुकान संचालन से जुड़े आरोपों की वास्तविक स्थिति जांच के बाद स्पष्ट होगी।

 

खबर शेयर करें: