Raigarh News: रायगढ़ जिले में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान का हुआ विस्तार, अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी मिल रही सुविधा

रायगढ़, 6 अप्रैल 2026/ जिले में बालिकाओं के सुरक्षित भविष्य और उन्हें सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के उद्देश्य से संचालित एचपीवी टीकाकरण का विस्तार किया गया है, जिससे अब ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की बालिकाओं को उनके घर के नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों पर ही सुरक्षा कवच उपलब्ध हो पा रहा है। इसी कड़ी में आज विभिन्न स्वास्थ्य केन्द्रों में आयोजित टीकाकरण सत्रों के दौरान कुल 63 बालिकाओं को वैक्सीन की खुराक दी गई, जिसमें सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पुसौर में सर्वाधिक 34 बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक इस सुविधा का लाभ उठाया।
अभियान के तहत अब जिले के ग्यारह प्रमुख केंद्रों में टीकाकरण सत्र नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं। इसमें रायगढ़ शहरी क्षेत्र के हितग्राहियों के लिए किरोड़ीमल शासकीय जिला चिकित्सालय एवं शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामभाठा में विशेष व्यवस्था की गई है। ग्रामीण अंचलों और अन्य विकासखंडों के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कापू, सिविल अस्पताल धरमजयगढ़, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घरघोड़ा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चपले, सिविल अस्पताल खरसिया, लैलूंगा के राजपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुसौर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोइंग एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तमनार में यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है। सभी निर्धारित केंद्रों पर टीकाकरण का समय प्रातः 10 बजे से शाम 4 बजे तक तय किया गया है, ताकि अधिक से अधिक हितग्राही अपनी सुविधानुसार पहुँच सकें।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत ने बताया कि अभियान के तहत मुख्य रूप से 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की छात्राओं को ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) से बचाव के लिए निःशुल्क वैक्सीन लगाई जा रही है। उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से जिले के शासकीय स्कूलों, आश्रमों, छात्रावासों एवं दूरस्थ अंचलों में निवासरत बालिकाओं को विशेष रूप से लाभान्वित किया जाएगा। एचपीवी वैक्सीन बालिकाओं को भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरों से सुरक्षित रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है और कम उम्र में यह टीकाकरण इस बीमारी के जोखिम को काफी हद तक कम कर देता है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों के स्वस्थ और सुरक्षित कल के लिए उनका आधार कार्ड लेकर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुँचें और समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






