रायगढ़

Raigarh News: सड़क पर आया 51 हाथियों का दल, दल में शावक भी शामिल, दोनों ओर थम गए वाहनों के पहिए

रायगढ़. छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में हाथियों के बड़े दल का सड़क पार करते हुए वीडियो सामने आया है। खरसिया रेंज से छाल वन परिक्षेत्र की ओर बढ़ रहे 51 हाथियों के दल ने बरभौना और एडू के बीच सड़क पार की। हाथियों की सुरक्षा को देखते हुए वन विभाग ने दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही कुछ समय के लिए रोक दी। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह खरसिया रेंज के मांड नदी क्षेत्र में एक हाथी शावक का शव मिला था। यह शावक उसी 51 सदस्यीय दल का हिस्सा बताया जा रहा है, जो पिछले कुछ दिनों से खरसिया के जंगलों में विचरण कर रहा था।

सोमवार शाम दल आगे बढ़ते हुए छाल रेंज की ओर पहुंचा। इस दौरान बरभौना और एडू के बीच हाथी अचानक सड़क पर आ गए। दल में नर, मादा और शावक हाथी भी शामिल थे।

 

वाहनों को रोककर कराया गया सुरक्षित मार्ग

हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। किसी प्रकार की दुर्घटना न हो, इसके लिए सड़क के दोनों ओर वाहनों को रोक दिया गया। इसके बाद हाथियों का दल सुरक्षित रूप से सड़क पार कर जंगल की ओर बढ़ गया।



















ग्रामीणों ने बनाया वीडियो

हाथियों के सड़क पार करने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाया। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि सबसे पहले एक बड़ा हाथी जंगल से निकलकर सड़क पर आता है, जिसके पीछे-पीछे पूरा झुंड एक-एक कर सड़क पार करता है।

छाल रेंज में 76 हाथियों की मौजूदगी

वन विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार छाल वन परिक्षेत्र में वर्तमान में 76 हाथी विचरण कर रहे हैं। इनमें सबसे बड़ा दल एडू परिसर में मौजूद 51 हाथियों का है। इस दल में 12 नर, 33 मादा और 6 शावक शामिल हैं।

इसके अलावा हाटी, कुड़ेकेला, छाल, बनहर, औरानारा, बोजिया, बेहरामार, गलिमार और पुरूंगा क्षेत्र में भी हाथियों की मौजूदगी दर्ज की गई है। पूरे छाल वन परिक्षेत्र में कुल 22 नर, 44 मादा और 10 शावक हाथी विचरण कर रहे हैं।

लगातार निगरानी कर रहा वन विभाग

छाल रेंजर राजेश चौहान ने बताया कि हाथियों का दल सोमवार शाम खरसिया क्षेत्र से छाल रेंज में प्रवेश किया है। सड़क पार करने के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर वाहनों की आवाजाही रोकी गई थी। वन विभाग की टीम लगातार हाथियों की निगरानी कर रही है और प्रभावित गांवों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।



IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button