रायपुर, 26 जुलाई 2026. छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ रविवार को जशपुर के अंतरराष्ट्रीय स्तर के एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में भव्य समारोह के साथ हुआ। यह प्रतियोगिता 26 से 29 जुलाई 2026 तक आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रदेश के पांचों संभागों के प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता का शुभारंभ जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने ध्वजारोहण कर तथा विभिन्न टीमों की सलामी लेकर किया। प्रतियोगिता में पांच संभागीय मुख्यालयों से 160 बालक एवं 80 बालिकाओं सहित कुल 240 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इनके साथ 35 से अधिक कोच एवं मैनेजर भी उपस्थित हैं।
इस अवसर पर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने खिलाडि़यों को शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ अपने जिले एवं राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करने का आह्वान किया।

