डोंगरगढ़ में नवरात्र का भव्य आगाज़ : मां बमलेश्वरी धाम में उमड़ेंगे श्रद्धालु, हाईटेक सुरक्षा के साथ खास इंतजाम

छत्तीसगढ़ March 19, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
डोंगरगढ़ में नवरात्र का भव्य आगाज़ : मां बमलेश्वरी धाम में उमड़ेंगे श्रद्धालु, हाईटेक सुरक्षा के साथ खास इंतजाम

डोंगरगढ़ में नवरात्र का भव्य आगाज़ : मां बमलेश्वरी धाम में उमड़ेंगे श्रद्धालु, हाईटेक सुरक्षा के साथ खास इंतजाम

 

डोंगरगढ़। छत्तीसगढ़ की धर्म नगरी डोंगरगढ़ मां शक्ति की भक्ति में सराबोर होने जा रही है। 19 मार्च से शुरू हो रहे चैत्र नवरात्र पर्व को लेकर पूरे शहर में उत्साह, आस्था और तैयारियों का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। मां बमलेश्वरी के दरबार में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट ने इस बार व्यवस्थाओं को और अधिक सुव्यवस्थित और हाईटेक बनाया है।

आपको बता दें कि, ऊंचे पहाड़ पर विराजमान मां बमलेश्वरी के दर्शन के लिए हर साल श्रद्धालु सैकड़ों सीढ़ियों का कठिन सफर तय करते हैं। नवरात्र के नौ दिनों में यहां श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ता है, जिसे सुचारू रूप से संभालने के लिए इस बार विशेष प्लानिंग की गई है। चढ़ने और उतरने के मार्ग को अलग-अलग व्यवस्थित किया गया है, ताकि भीड़ का दबाव कम हो और दर्शन में किसी तरह की बाधा न आए।

सुरक्षा के लिए करीब 1200 पुलिस जवानों की तैनाती
पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए इस बार एक बड़ा कदम उठाया गया है। प्रसाद वितरण में पॉलीथिन के उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है, जिससे स्वच्छता और हरित पहल को बढ़ावा मिलेगा। सुरक्षा के लिहाज से भी इस बार नवरात्र पर्व पूरी तरह हाईटेक रहने वाला है। करीब 1200 पुलिस जवानों की तैनाती की गई है और पूरे क्षेत्र को 5 जोन में विभाजित किया गया है। ड्रोन कैमरों के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

भीषण गर्मी को देखते हुए 11 स्थानों पर ठंडे पानी की व्यवस्था
वहीं, भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 11 स्थानों पर ठंडे पानी की व्यवस्था की गई है। पूरे मार्ग पर बेहतर लाइटिंग की सुविधा भी दी गई है, ताकि दिन और रात दोनों समय दर्शन में कोई परेशानी न हो। इस बार डोंगरगढ़ में नवरात्र सिर्फ एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, व्यवस्था और सुरक्षा का भव्य संगम बनने जा रहा है। मां बमलेश्वरी के दरबार में आने वाले हर श्रद्धालु को इस बार सुगम दर्शन, सुरक्षित माहौल और भक्ति का दिव्य अनुभव मिलने वाला है।

खबर शेयर करें: