Raigarh News: दो सड़क-हादसों में 2 बाइक सवारों की मौत, उर्दना-रामपुर रोड और घरघोड़ा-धरमजयगढ़ मार्ग पर आमने-सामने भिड़ीं बाइक, अस्पताल में तोड़ा दम

रायगढ़ October 13, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
Raigarh News: दो सड़क-हादसों में 2 बाइक सवारों की मौत, उर्दना-रामपुर रोड और घरघोड़ा-धरमजयगढ़ मार्ग पर आमने-सामने भिड़ीं बाइक, अस्पताल में तोड़ा दम

Raigarh News: दो सड़क-हादसों में 2 बाइक सवारों की मौत, उर्दना-रामपुर रोड और घरघोड़ा-धरमजयगढ़ मार्ग पर आमने-सामने भिड़ीं बाइक, अस्पताल में तोड़ा दम

रायगढ़। रायगढ़ जिले में मंगलवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों घटनाओं में सामने से आ रही बाइक से टक्कर के बाद युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

हादसों के बाद कोतवाली और घरघोड़ा पुलिस ने संबंधित बाइक ड्राइवरों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

उर्दना-रामपुर रोड पर टक्कर, सरफराज की मौत

पहली घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के उर्दना-रामपुर रोड की है। लामीदरहा निवासी टिकेश्वर प्रसाद वैष्णव (18) ने पुलिस को बताया कि सोमवार शाम उसके साथी सूरज चौहान ने फोन कर उसे उर्दना बुलाया था। इसके बाद वह सरफराज खान के साथ बजाज बाइक से उर्दना जाने के लिए निकला। बाइक सरफराज चला रहा था।

वे दीनदयाल कॉलोनी से पहले रामपुर रोड पर पहुंचे थे, तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रही सुजुकी बाइक के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में सरफराज गंभीर रूप से घायल हो गया।

आसपास मौजूद लोगों की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी बाइक चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।

किस्त जमा कर लौट रहा था, रास्ते में हादसा

दूसरी घटना घरघोड़ा थाना क्षेत्र में घरघोड़ा-धरमजयगढ़ रोड पर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के आगे हुई। ग्राम कुडुमकेला नवाडीह निवासी सूरज कुमार मांझी बाइक से किस्त जमा करने घरघोड़ा गया था। किस्त जमा कर लौटते समय सामने से आ रही बाइक से उसकी टक्कर हो गई। दूसरी बाइक ईश्वरी प्रसाद सोनी निवासी लिमगांव, जिला सक्ती चला रहा था।

टक्कर के बाद सूरज कुमार मांझी बाइक समेत सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना डायल 112 को दी गई। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घरघोड़ा पुलिस ने मामले में दूसरे बाइक चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

खबर शेयर करें: