Raigarh: गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर गांधीनगर वार्ड को विकास कार्यों की सौगात, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सामुदायिक भवन का किया लोकार्पण
Raigarh: गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर गांधीनगर वार्ड को विकास कार्यों की सौगात, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सामुदायिक भवन का किया लोकार्पण
रायगढ़। गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर वार्ड क्रमांक 33, गांधीनगर में विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में 24 लाख रुपए की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण और 18 लाख रुपए से ज्यादा की लागत के ओपन जिम एवं आंगनबाड़ी शिलान्यास किया गया।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि अगले दो वर्षों में कोई भी चुनाव नहीं हैं। सरकार चुनावी राजनीति के बजाय रायगढ़ के विकास को गति देने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य वोट बैंक की राजनीति नहीं, बल्कि जनता के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है।
उन्होंने बताया कि किसान राइस मिल परिसर में 12 करोड़ रुपये की लागत से गार्डन और ऑक्सीजोन विकसित किया जा रहा है, जो आने वाले 6 महीने से पहले बनकर तैयार हो जाएगा। शहर के युवाओं एवं खेल प्रेमियों को प्रोत्साहित करने रायगढ़ स्टेडियम में एथलेटिक ट्रैक एवं स्विमिंग पूल का निर्माण कराया जा रहा है। इसीतरह मिनी स्टेडियम में स्केटिंग ट्रैक, थ्रो बॉल सहित विभिन्न खेलों के विकास के साथ उन्नयन कार्य तेजी से चल रहा है।
वित्त मंत्री चौधरी ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाकर पूर्ण गुणवत्ता के साथ समय से पहले पूरा करने के निर्देश दिए।
महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि रायगढ़ के सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य किए जा रहे हैं। मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और नागरिकों की आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। इससे पूर्व अतिथियों द्वारा विधिवत पूजा अर्चना कर निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में सभापति डिग्री लाल साहू, कमिश्नर श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय, एमआईसी सदस्य पंकज कंकरवाल और मुक्तिनाथ बबुआ, पार्षद अमरनाथ रात्रे, यादराम साहू और त्रिनिषा चौहान सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, वार्डवासी तथा निगम अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
100 करोड़ रुपए के कार्यों का हो चुका है टेंडर
मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि रायगढ़ के विकास के लिए करीब 100 करोड़ रुपए के कार्यों का टेंडर हो चुका है। इसके साथ ही नालंदा परिसर, 300 बेड के अस्पताल, आईएसबीटी और फिजियोथैरेपी कॉलेज सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम जारी है। किसान राइस मिल परिसर में 12 करोड़ रुपये की लागत से गार्डन एवं ऑक्सीजोन विकसित किया जा रहा है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से शहर में स्वास्थ्य, परिवहन, खेल और नागरिक सुविधाओं का विस्तार होगा।
भवन के लिए 25 लाख रुपए की घोषणा
कार्यक्रम में वार्ड के लोगों ने समाज भवन की मांग की। इस पर मंत्री श्री चौधरी ने भवन के लिए जगह चिन्हांकित करने की बात कहते हुए भवन के लिए 25 लाख रुपए स्वीकृत करने की घोषणा की। इसी तरह स्थानीय नागरिकों की शिकायत पर वित्त मंत्री श्री चौधरी ने अधिकारियों को वार्ड के मुख्य मार्ग स्थित बिजली के तार को अन्यत्र स्थानांतरित एवं व्यवस्थित करने और खुले तारों की जगह सुरक्षित कोटेड वायर लगाने के निर्देश दिए।