धान-कटौती के विरोध में सड़क पर उतरे किसान, पुसौर मुख्य मार्ग पर किया चक्काजाम

रायगढ़ January 21, 2026 रिपोर्टर: raigarh top news
धान-कटौती के विरोध में सड़क पर उतरे किसान, पुसौर मुख्य मार्ग पर किया चक्काजाम

धान-कटौती के विरोध में सड़क पर उतरे किसान, पुसौर मुख्य मार्ग पर किया चक्काजाम

रायगढ़ टॉप न्यूज 21 जनवरी। धान खरीदी को लेकर किसानों की समस्याएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। गुरुवार को पुसौर जनपद में सैकड़ों किसानों ने शासन-प्रशासन के विरोध में सड़क पर उतरकर उग्र प्रदर्शन किया और मुख्य मार्ग जाम कर दिया। किसानों का आरोप है कि समिति द्वारा उन्हें 30 प्रतिशत रकबे का धान न बेचने का दबाव बनाया जा रहा है, जिससे उनकी आर्थिक मुश्किलें बढ़ रही हैं।
धान खरीदी प्रक्रिया में रकबा प्रतिबंध को लेकर पुसौर के किसान पहले से ही असमंजस की स्थिति में थे। किसानों ने बताया कि कलेक्टर जनदर्शन के दौरान भी उनकी समस्या उजागर की गई थी, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। अब समिति द्वारा 30% रकबे के धान की खरीद न करने के आदेश से स्थिति विस्फोटक हो गई।

5-6 गांवों के किसान धरने पर बैठे
कटौती से नाराज किसानों ने किसान नेता लल्लू सिंह के नेतृत्व में रायगढ़-पुसौर मार्ग पर धरना शुरू कर दिया। इस दौरान पुसौर, सारसमाल, कर्राजोर, घींच, सलोनी, तड़ोला सहित आसपास के 5-6 गांवों के किसान प्रदर्शन में शामिल हुए।

डेढ़ घंटे तक ठप रहा यातायात
प्रदर्शनकारी किसानों ने ट्रैक्टर व चार पहिया वाहनों को लेकर पुसौर सोसायटी के सामने मुख्य मार्ग अवरुद्ध कर दिया। इससे भारी वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात लगभग डेढ़ घंटे तक प्रभावित रहा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन व नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे।

तहसीलदार के हस्तक्षेप से प्रदर्शन स्थगित
तहसीलदार ने समिति प्रबंधक को निर्देश दिया कि सभी कटे हुए टोकन के आधार पर किसानों का धान खरीदा जाए। इस आश्वासन के बाद ही किसानों ने प्रदर्शन वापस लिया और यातायात सामान्य हुआ। हालांकि किसानों की मांग है कि धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बरती जाए और रकबा प्रतिबंध जैसी समस्याओं का स्थाई हल निकाला जाए।

खबर शेयर करें: