नारायणपुर में किसान नंद कुमार ने CM विष्णुदेव साय की पारदर्शी धान खरीदी व्यवस्था की सराहना की
नारायणपुर में किसान नंद कुमार ने CM विष्णुदेव साय की पारदर्शी धान खरीदी व्यवस्था की सराहना की
रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा चलाई जा रही पारदर्शी और किसान हितैषी धान खरीदी व्यवस्था ने किसानों के चेहरे पर संतोष और भरोसे की नई चमक ला दी है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत 15 नवंबर से शुरू हुई धान खरीदी के दौरान नारायणपुर जिले के 17 उपार्जन केंद्रों में बारदाना, छाया, पेयजल, मेडिकल किट जैसी सभी आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई गईं। ऑनलाइन टोकन प्रणाली लागू करने से किसानों को लंबी कतारों और अनावश्यक प्रतीक्षा से मुक्ति मिली, जबकि नोडल अधिकारियों की नियमित मॉनिटरिंग से कोई समस्या नहीं आई।
नारायणपुर जिले के माहका धान खरीदी केंद्र में अपना धान बेचने पहुंचे किसान नंद कुमार शर्मा ने बताया कि उन्होंने पाँच एकड़ खेत में 60 क्विंटल धान का उत्पादन किया। 3100 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य और 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मानक से उन्हें वास्तविक लाभ मिला। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन टोकन प्रणाली और केंद्र पर उपलब्ध सुविधाएँ संतोषजनक हैं।
नंद कुमार ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की यह पहल किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने धान बिक्री से प्राप्त राशि का उपयोग खेती-बाड़ी सुधार और पारिवारिक आवश्यकताओं को पूरा करने में करने की बात कही।
केंद्र में मौजूद अन्य किसानों ने भी धान खरीदी की सुदृढ़ व्यवस्था की प्रशंसा की और उम्मीद जताई कि ऐसी सुविधाएँ आने वाले वर्षों में भी जारी रहेंगी। सरकार के प्रयासों से किसानों का विश्वास निरंतर बढ़ता रहेगा।