रायगढ़

Raigarh News: सीएचसी पुसौर में एनक्यूएएस के तहत मूल्यांकन, राज्य व राष्ट्रीय स्तर की टीम पहुंची

रायगढ़, 14 मार्च 2026/ राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) के अंतर्गत रायगढ़ जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुसौर में 13 एवं 14 मार्च 2026 को दो दिवसीय मूल्यांकन किया गया। इस दौरान राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर से पहुंचे मूल्यांकन दल ने अस्पताल की व्यवस्थाओं और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तृत निरीक्षण किया।

मूल्यांकन दल में राष्ट्रीय स्तर से नामित डॉ. अनिल कुमार एवं निरल कुजूर शामिल थे। वहीं राज्य स्तर से डॉ.देवेन्द्र गुर्जर शामिल थें। टीम ने अपने दौरे की शुरुआत परिचय बैठक से की, जिसमें अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सों और अन्य कर्मचारियों से चर्चा कर अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान टीम ने अस्पताल में उपचार के लिए आए मरीजों से भी सुविधाओं के संबंध में प्रतिक्रिया प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान टीम ने अस्पताल परिसर की स्वच्छता, पेयजल, विद्युत व्यवस्था और मरीजों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही अस्पताल भवन, शल्य कक्ष, प्रसव कक्ष, बाह्य रोगी विभाग, अंतः रोगी विभाग, टीकाकरण कक्ष, हमर प्रयोगशाला, एक्स-रे कक्ष, औषधि भंडार, रेफरल व्यवस्था, नर्सिंग स्टाफ की कार्यप्रणाली, मरीजों के साथ व्यवहार तथा आपातकालीन सेवाओं की तत्परता का भी परीक्षण किया गया। इसके अतिरिक्त प्रतीक्षालय और शौचालयों की स्थिति, मरीजों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सभी भौतिक सुविधाओं का भी बारीकी से अवलोकन किया गया।

राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक का उद्देश्य शासकीय अस्पतालों में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, सुरक्षा और प्रभावशीलता को बढ़ाना है, जिससे मरीजों को बेहतर और सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त हो सकें। इस क्रम में टीम द्वारा मरीज पंजी, दवा भंडार, प्रयोगशाला व्यवस्थाएं, अपशिष्ट जल उपचार संयंत्र, जैव-चिकित्सीय अपशिष्ट प्रबंधन, हाथ स्वच्छता, संक्रमण की रोकथाम तथा मरीज सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं का मूल्यांकन किया गया। साथ ही आवश्यक अभिलेखों और दस्तावेजों का भी सत्यापन किया गया। दौरे के दूसरे दिन समापन बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनोद नायक, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक श्री नवीन शर्मा तथा पुसौर के चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार नायक ने मूल्यांकन दल, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों तथा अस्पताल के सभी डॉक्टरों, नर्सों और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एनक्यूएएस का मुख्य उद्देश्य अस्पताल में मरीजों को सुरक्षित, स्वच्छ और उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है। इस प्रकार के मूल्यांकन से स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने का अवसर मिलता है।



IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button