रायगढ़

Raigarh News: 7 फरवरी को रायगढ़ में मनाया जाएगा ‘रोजगार एवं आवास दिवस’, ग्रामीण सशक्तिकरण पर रहेगा विशेष फोकस

रायगढ़, 6 फरवरी 2026/ कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिजीत बबन पठारे के मार्गदर्शन में जिले में 7 फरवरी को ‘रोजगार दिवस’ एवं ‘आवास दिवस’ का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम ग्रामीण विकास योजनाओं में पारदर्शिता लाने, हितग्राहियों की समस्याओं के त्वरित समाधान तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से प्रति माह आयोजित किया जाता है। कार्यक्रम के दौरान आवास पूर्णता, रोजगार सृजन, आजीविका संवर्धन और जल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

सीईओ जिला पंचायत ने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल आवास और रोजगार देना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि हितग्राहियों को निर्माण सामग्री और मजदूरी भुगतान में किसी प्रकार की समस्या न हो। 7 फरवरी का यह आयोजन ग्रामीण सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

रोजगार एवं आवास दिवस के अवसर पर ग्रामीणों को ‘विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण (वीबी जी राम जी) योजना की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। योजना के प्रचार-प्रसार के लिए पाम्पलेट एवं पोस्टर वितरित किए जाएंगे। आवास दिवस के अंतर्गत हितग्राहियों को निर्माण सामग्री की उपलब्धता, स्टॉलमेंट से जुड़ी प्रक्रियाओं और तकनीकी समस्याओं के त्वरित निराकरण की सुविधा दी जाएगी। प्रत्येक आवास के सामने सोख्ता गड्ढा निर्माण के लिए हितग्राहियों को प्रेरित किया जाएगा। मनरेगा से अभिसरण के तहत आवास हितग्राहियों को 90 दिवस की मजदूरी का लाभ लेने की जानकारी दी जाएगी। पारदर्शिता बढ़ाने के लिए मनरेगा क्यू आर कोड स्कैन कर पिछले 5 वर्षों के कार्यों एवं नई वीबी जी राम जी योजना के प्रावधानों को देखने के लिए भी जागरूक किया जाएगा। इसके साथ ही जिले में स्वीकृत 400 से अधिक आजीविका डबरियों, चेक डैम, स्टॉप डैम, गेवियन, कुआं-तालाब निर्माण, गहरीकरण, सोख्ता गड्ढा एवं रेन वाटर हार्वेस्टिंग जैसे कार्यों के माध्यम से जल संरक्षण एवं संवर्धन के महत्व पर चर्चा होगी। अमृत सरोवर स्थलों पर चौपाल आयोजित कर वीबी जी राम जी योजना के अंतर्गत 125 दिवस रोजगार की गारंटी, 7 दिवस में मजदूरी भुगतान, अधोसंरचना निर्माण एवं आजीविका संवर्धन कार्यों की जानकारी दी जाएगी। जनपद एवं क्लस्टर स्तर पर संवाद कार्यक्रम और मीडिया टॉक का आयोजन भी सुनिश्चित किया गया है।



IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button